गर्मियों का मौसम यानि आम का मौसम. भारतीय किचन की रसोई में हरे-भरे, खट्टे और रसीले कच्चे आम से लेकर पके आम तक आपको आसानी से देखने को मिल जाएंगे. क्योंकि गर्मी में कच्चे आम से कई तरह की रेसिपीज बनाई जाती हैं जैसे, आम का पन्ना, चटनी और अचार. लेकिन क्या आपने कभी कच्चे आम को कच्चे आलू के साथ मिलाकर सब्जी बनाई है. अगर नहीं, तो एक बार जरूर ट्राई करें.
मशहूर शेफ भरत (bharatzkitchen) की यह सीक्रेट रेसिपी इतनी आसान है कि यह मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है. इसका खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद एकदम हटकर होता है. जब आप इसे गरमा-गरम पूड़ी या पराठे के साथ खाएंगे, तो पुराना सारा स्वाद भूल जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका.
कैसे बनाएं कच्चे आम और कच्चे आलू की सब्जी- (How To Make Aloo Kache Aam Ki Sabzi)
सामग्री-
- 1 किलो कच्चे आलू
- 200 ग्राम कच्चे आम
- आधा छोटा चम्मच मेथी दाना
- आधा छोटा चम्मच अजवाइन
- 2 छोटे चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच साबुत धनिया
- सरसों का तेल
- एक चुटकी हींग
- 2 छोटे चम्मच जीरा
- 3-4 हरी मिर्च
- 2 इंच अदरक
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच तीखी लाल मिर्च पाउडर
- 4 छोटे चम्मच धनिया पाउडर
- 2 छोटे चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- 2 से ढाई चम्मच नमक
- 3 कप पानी
- 3 बड़े चम्मच गुड़
- 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
- आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- आधा छोटा चम्मच काला नमक
- बारीक कटा हरा धनिया
विधि-
1.मसालों की तैयारी-
इस सब्जी को बनाने के लिए सबसे पहले आधा चम्मच मेथी दाना और आधा चम्मच अजवाइन को थोड़े से पानी में भिगोकर रख दें. ऐसा करने से मसाले तेल में जलते नहीं हैं. अब सौंफ और साबुत धनिया को एक ओखली में डालकर दरदरा कूट लें.
2. आलू की भुनाई-
कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. तेल से धुआं निकलने लगे तो इसमें हींग, जीरा, कूटा हुआ धनिया-सौफ, कटी हरी मिर्च और घिसा हुआ अदरक डालें. इसे हल्का सा चलाएं और तुरंत ही मोटे कटे हुए आलू डाल दें. अब हाई फ्लेम पर आलुओं को 7 से 8 मिनट तक अच्छे से भूनें. इससे आलू का कच्चापन दूर हो जाएगा.
3- पानी और सूखे मसाले-
भूनते समय अगर अदरक कढ़ाई में चिपकने लगे, तो भिगोया हुआ मेथी दाना और अजवाइन का पानी इसमें डाल दें. 2 मिनट भूनने के बाद इसमें हल्दी, तीखी लाल मिर्च, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च और नमक डालें.
| स्पेशल टिप्स |
| 1. जब आलू 90% पक जाएं, तब इसमें कटे हुए कच्चे आम के टुकड़े डालें. |
| 2. मसालों को 1 मिनट तक अच्छे से भूनें जब तक कि मसाला आलुओं पर ठीक से लिपट न जाए. |
| 3. अगर मसाले चिपकने लगे तो स्पेशल पानी डालें, जिसमें मसाला भिगोया था. |
| 4. इस सब्जी को पूड़ियों के साथ खाने से एक अलग ही स्वाद आता है. |
4. आलुओं को पकाएं-
अब कढ़ाई में 3 कप पानी डालें जैसे ही पानी में उबाल आ जाए, गैस को धीमा कर दें और ढक्कन लगाकर आलुओं को 12 से 15 मिनट तक पकने दें. ध्यान रहे, आम को पहले नहीं डालना है क्योंकि खटास की वजह से आलू ठीक से गल नहीं पाते. आम डालने के बाद इसे ढककर 6 से 8 मिनट और पकाएं.
5. फाइनल टच-
जब आम नरम हो जाएं, तो पाव भाजी मैशर की मदद से आलू और आम को हल्का सा मैश कर लें. इससे ग्रेवी एकदम गाढ़ी और हलवाई जैसी हो जाएगी. अब इस सब्जी में खटास को बैलेंस करने के लिए 3 चम्मच गुड़, हरी मिर्च, गरम मसाला, भुना जीरा पाउडर और काला नमक डालें. इसे 4-5 मिनट तक उबलने दें. लास्ट में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
आपकी गरमा-गरम, खट्टी-मीठी और चटपटी आलू-कच्चे आम की सब्जी तैयार है.
ये भी पढ़ें- गर्मी को भूल जाएंगे! जब पीएम मोदी के अंदाज में घर पर बनाएंगे भारत के अलग-अलग कोनों के ये मशहूर शरबत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं