इन दिनों मार्केट में आपको ढेरों आंवला नजर आने शुरू हो गए होंगे. विटामिन सी से भरपूर आंवले को न सिर्फ आयुर्वेद में औषधि मानी गई है, बल्कि एलोपैथी डॉक्टर्स भी आंवला सेहत के लिए काफी फायदेमंद मानते हैं. क्योंकि ये विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. लेकिन आंवले का सीजन ज्यादा लंबा नहीं होता. ऐसे में कई लोग चाहते हैं कि एक बार खरीदकर इसे लंबे समय तक स्टोर कर लिया जाए, ताकि महीनों तक इसका फायदा उठाया जा सके.
अगर आप भी ऐसा करना चाहते हैं और आपको इन दिनों मार्केट में काफी आंवला दिख रहे हैं, तो फौरन खरीदकर इसे स्टोर कर लें. हम आपको यहां आंवला स्टोर करने के कुछ ऐसे ट्रिक्स बताएंगे,जिससे महीनों तक ये फ्रेश रहेगा. यहां जानते हैं आंवला स्टोर करने का आसान तरीका-
6 महीने के लिए फ्रीजर में स्टोर करें
अगर आप चाहते हैं कि आंवला 4 से 6 महीनों तक सुरक्षित रहे, तो फ्रीजिंग एक काफी अच्छा विकल्प हो सकता है. इसके लिए आंवलों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. इसके बाद उन्हें छोटे टुकड़ों में काट लें या पूरा भी रख सकते हैं. अब इन्हें एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में भरकर फ्रीजर में रख दें.
जरूरत पड़ने पर आप इन्हें सीधे जूस, चटनी, मुरब्बा या आंवला पानी बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं. इस तरीके से आंवले के पोषक तत्व भी काफी हद तक सुरक्षित रहते हैं.
नमक वाले पानी में रखें
नमक वाले पानी में रखने का एक काफी पुराना और कारगर नुस्खा है. इसके लिए एक बड़ा सा कांच का बर्तन लें, इसमें पानी और नमक भरें. फिर साफ और सूखे आंवला को जार में भरें और अच्छी तरह से बंद करके रख दें.
नमक बैक्टीरिया की ग्रोथ को कम करने में मदद करता है, जिससे आंवला लंबे समय तक खराब नहीं होता. इस तरीके से आंवले कई हफ्तों तक ताजे बने रह सकते हैं.
आंवला पाउडर बनाकर करें स्टोर
अगर आप सालों तक आंवला स्टोर करना चाहते हैं, तो आंवला का पाउडर तैयार करके स्टोर किया जा सकता है. इसके लिए आंवलों को काटकर धूप में अच्छी तरह सुखा लें. जब वे पूरी तरह सूख जाएं तो उन्हें पीसकर पाउडर बना लें और एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें.
इस पाउडर का इस्तेमाल पानी, जूस, स्मूदी या घरेलू नुस्खों में आसानी से किया जा सकता है. सही तरीके से स्टोर किया गया आंवला पाउडर कई महीनों तक खराब नहीं होता.
जरूरी टिप्स
आंवला को स्टोर करने से पहले इसे अच्छी तरह से धोकर सुखा लें. नमी रहने से फंगल और बैक्टीरिया पनप सकते हैं. वहीं, हमेशा एयर टाइट कंटेनर में भी इसे स्टोर करें.
ये भी पढ़ें - आंवला मुरब्बा बनाने में होती है दिक्कत? Nisha Madhulika की ये आसान ट्रिक कर देगी काम आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं