How to Make Imarti: बाहर से कुरकुरी और अंदर से रस से भरी इमरती का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. शादी हो या कोई पार्टी इमरती खाने के मेन्यू में चार-चांद लगा देती है. हालांकि, अधिकतर लोग इसे घर पर बनाने से कतराते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि इसकी डिजाइन और बनावट बनाना मुश्किल है. लेकिन क्या आप जानते हैं सही तरीके और कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप भी घर पर हलवाई जैसी परफेक्ट इमरती तैयार कर सकते हैं. खास बात ये है कि सिर्फ 1 कप उड़द दाल से अच्छी मात्रा में इमरती तैयार हो जाती है. आइए जानते हैं घर पर इमरती बनाने का आसान तरीका. इसकी जानकारी यूट्यब पर @MasalaKitchenbyPoonam नाम के चैनल से शेयर की गई है
इमरती बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप धुली उड़द दाल
- 2 चुटकी बेकिंग पाउडर (या एक चौथाई टीस्पून इनो)
- तलने के लिए घी या तेल
- 1 कप चीनी
- लगभग तीन चौथाई कप पानी
- 3-4 इलायची
यह भी पढ़ें: कच्ची हल्दी का अचार कैसे बनाएं? कच्ची हल्दी और मिर्ची का स्वादिष्ट अचार बनाने का आसान तरीका
घर पर कैसे बनाएं इलायची?
इमरती बनाने के लिए उड़द दाल को 3 से 4 घंटे के लिए भिगो दें. दाल को रातभर भिगोकर न रखें, क्योंकि इससे उसमें हल्की खटास और गंध आ सकती है, जिससे इमरती की बनावट प्रभावित होती है. फिर भीगी हुई दाल को धोकर बहुत कम पानी की मदद से पीस लें. ध्यान रखें कि बैटर गाढ़ा होना चाहिए और उसमें अधिक पानी न हो.
अब पीसी हुई दाल को किसी बड़े बर्तन या परात में निकाल लें और 8 से 10 मिनट तक लगातार एक ही दिशा में फेंटें. ऐसा करने से बैटर में हवा भर जाती है, उसका रंग हल्का हो जाता है और इमरती में जालीदार बनावट आती है. इसके बाद इसमें फूड कलर और बेकिंग पाउडर डालकर मिला दें. फिर चाशनी तैयार करें.
चाशनी के लिए एक पैन में चीनी, पानी और कुटी हुई इलायची डालकर पकाएं. चाशनी को एक तार की स्थिरता तक तैयार करें. चाहें तो इसमें थोड़ा फूड कलर भी मिला सकते हैं. इमरती डालते समय चाशनी हल्की गर्म रहनी चाहिए.
इमरती की शेप कैसे दें?
बैटर को कोन, दूध की खाली थैली या पाइपिंग बैग में भर लें. कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें और एक झारे को पहले से हल्का गर्म कर लें. झारे को तेल के ठीक ऊपर रखकर उस पर गोलाकार डिजाइन बनाएं और फिर इमरती को तेल में छोड़ दें. इससे शेप ज्यादा साफ और सुंदर बनती है.
कुरकुरी इमरती बनाने का तरीका
इमरती को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. बहुत धीमी आंच पर तलने से वह कुरकुरी नहीं बनेगी और बहुत तेज आंच पर बाहर से पक जाएगी लेकिन अंदर कच्ची रह सकती है.
चाशनी में कितनी देर रखें?
तली हुई इमरती को हल्की गर्म चाशनी में डालें और उतनी देर रहने दें, जितनी देर में दूसरा बैच तैयार हो जाए. लगभग 3 से 5 मिनट का समय पर्याप्त होता है. इससे इमरती अंदर तक रस सोख लेती है लेकिन उसकी कुरकुराहट भी बनी रहती है. चाशनी से बाहर निकालकर आपकी इमरती तैयार हो जाएगी और इसे आप दही या रबड़ी के साथ खा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: आंवले का खट्टा मीठा पापड़ कैसे बनाएं? चटपटा और स्वादिष्ट आंवला पापड़ बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं