- FSSAI ने बिसलेरी के पानी के सैंपल के फेल होने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू करने का दावा किया है
- कंपनी बोली- मामला सितंबर 2025 का है, 143 प्लांट में से एक के बैच का पानी टेस्ट में फेल हुआ था
- कंपनी ने कहा कि दूसरी लैब जांच में फिर ब्रोमेट तय लिमिट के अंदर पाया गया लेकिन पीएएच की बात कही गई
FSSAI ने ने बोतल में पैक करके पानी बेचने वाली मशहूर कंपनी 'बिस्लेरी इंटरनेशनल' के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है, क्योंकि लैब टेस्ट में कंपनी के पानी का सैंपल असुरक्षित पाया गया है. अब इस विवाद पर कंपनी की प्रतिक्रिया आ गई है. कंपनी ने कहा है कि बिसलेरी का पानी पीने के लिए सुरक्षित है. यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है और इसका संबंध सितंबर 2025 में बिस्लेरी की गोवा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से है. कंपनी का कहना है कि यह प्लांट उसके नेटवर्क के 143 प्लांट्स में से एक है.
कंपनी पर क्या आरोप लगे हैं?
भारत के फूड रेगुलेटर FSSAI ने कहा कि पानी के सैंपल में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया. कंपनी की अपील के बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए दूसरी फूड लैब में भेजा गया. इस लैब ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया.
नियामक ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया. इसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी गई है. FSSI ने सोशल मीडिया पोस्ट में वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ भी अभियोजन की मंजूरी देने की जानकारी दी.
अब बिसलेरी ने क्या कहा?

कंपनी ने अपने बयान में कहा कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है. उसके अनुसार "यह सितंबर 2025 में बने एक बैच से जुड़ा है, जो गोवा में बिसलेरी की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में बना था. यह हमारे नेटवर्क के 143 प्लांट में से एक है. 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा फैसिलिटी से 6 सैंपल लिए थे. शुरुआती टेस्टिंग में 5 सैंपल सभी मानकों पर खरे उतरे. छठे सैंपल में ब्रोमेट 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिला, जबकि तय लिमिट 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है."
कंपनी ने आगे कहा, "22 नवंबर 2025 को बिसलेरी की अपील के बाद, FSSAI ने उस सैंपल को दोबारा टेस्टिंग के लिए रेफरल लैब में भेजा. रेफरल लैब ने सैंपल में ब्रोमेट को तय लिमिट के अंदर पाया और अलग से सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) होने की बात कही. दोनों रिजल्ट में फर्क होने से सवाल उठे, जिन पर बिसलेरी को लगा कि सफाई जरूरी है. बिसलेरी ने उसी सैंपल को FSSAI-अप्रूव्ड लैब में अलग से टेस्ट कराया. उस टेस्ट में भी ब्रोमेट तय लिमिट के अंदर मिला."
कंपनी के अनुसार "उसके बाद हमें FSSAI से कोई और जानकारी नहीं मिली और हमें लगा कि मामला बंद हो गया है. अब तक बिसलेरी को ईमेल या हार्ड कॉपी में कोई नोटिस नहीं मिला है और FSSAI की वेबसाइट पर भी वह नोटिस नहीं मिला है. पीने के पानी की सुरक्षा बिसलेरी के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है. हम 10 स्टेप वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से ज्यादा टेस्ट के साथ सख्त क्वालिटी कंट्रोल रखते हैं और FSSAI के साथ मिलकर सही रेगुलेटरी प्रोसेस के जरिए इस मामले को सुलझाते रहेंगे."
यह भी पढ़ें | बिसलेरी का पानी भी 'अनसेफ', जांच में मिले खतरनाक केमिकल; FSSAI ने दूसरी कंपनियों पर भी लिया एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं