विज्ञापन

प्रयागराज में माघ मेला पर खर्च किए जाएंगे 200 करोड़ रुपये,   बनाए जाएंगे 9 पांटून पुल और 35 भव्य घाट; जानिए क्या होगा खास

Magh Mela 2027 Snan Dates: प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां तेज हो गई है. 200 करोड़ रुपये के बजट से इस बार 8 सेक्टरों में मेला बसेगा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 35 स्नान घाट, 9 पांटून पुल और 2800 रोडवेज बसों की खास व्यवस्था की जा रही है.

प्रयागराज में माघ मेला पर खर्च किए जाएंगे 200 करोड़ रुपये,   बनाए जाएंगे 9 पांटून पुल और 35 भव्य घाट; जानिए क्या होगा खास
संगम नगरी में 200 करोड़ से सजेगा आस्था का महाकुंभ.
NDTV
  • माघ मेला 2027 के लिए प्रयागराज प्रशासन ने लगभग दो सौ करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है.
  • मेला क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पर लगभग इक्कीस करोड़ रुपये खर्च कर रात में उजाला बनाए रखा जाएगा.
  • स्नान घाटों की संख्या तीस एक से बढ़ाकर पैंतीस की जाएगी और नौ पांटून पुल बनाए जाएंगे.
लखनऊ:

प्रयागराज: तीर्थराज प्रयाग में आस्था के सबसे बड़े वार्षिक समागम माघ मेला 2027 का आगाज होने में अभी वक्त है, लेकिन संगम की रेती पर इसकी हलचल अभी से तेज हो गई है. दशाश्वमेध घाट से लेकर संगम नोज तक मेला प्रशासन ने तैयारियों का खाका जमीन पर उतारना शुरू कर दिया है. इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का अनुमान लगाते हुए मेले का क्षेत्रफल और सुविधाएं दोनों बढ़ाई जा रही हैं. प्रशासन का पूरा फोकस इस बात पर है कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों कल्पवासियों और स्नानार्थियों को सुगम यातायात, सुरक्षित स्नान और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें.

रोशनी पर खर्च होंगे 21 करोड़

Prayagraj Magh Mela 2027 Preparation: माघ मेला 2027 को भव्य रूप देने के लिए मेला प्राधिकरण ने लगभग 200 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है, जिसमें से करीब 100 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी भी हो चुकी है. मेला क्षेत्र में रात के समय दिन जैसा उजाला बनाए रखने के लिए अकेले बिजली व्यवस्था पर करीब 21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा, पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाएगा, ताकि चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा सके.

स्नान घाटों की संख्या 31 से बढ़ाकर होगी 35

इस बार श्रद्धालुओं को स्नान के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा जगह मिलेगी. दरअसल, प्रशासन ने स्नान घाटों की संख्या 31 से बढ़ाकर 35 करने का निर्णय लिया है, जो करीब चार किलोमीटर के दायरे में फैले होंगे. इससे मुख्य स्नान पर्वों पर घाटों पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में बड़ी मदद मिलेगी. इसके साथ ही, गंगा के दोनों किनारों को जोड़ने के लिए कुल 9 पांटून पुल यानी पीपा पुल बनाए जाएंगे, जिनमें से दो पुल अरैल क्षेत्र की ओर बनेंगे. दशाश्वमेध घाट पर पांटून पुल निर्माण का शुरुआती काम शुरू हो गया है और पीपों को स्थिर रखने वाले उपकरण तैयार किए जा रहे हैं.

7 की जगह 8 सेक्टरों में बसेगा मेला

भीड़ प्रबंधन और प्रशासनिक सुविधा के लिहाज से इस बार मेला क्षेत्र को 7 के बजाय 8 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा. सुरक्षा और परिवहन से जुड़े प्रमुख इंतजाम इस प्रकार हैं.

  • श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए 2800 रोडवेज बसें चलाई जाएंगी, जिनमें से 300 बसें आपात स्थिति के लिए रिजर्व रहेंगी.
  •  सुरक्षा घेरा मजबूत करने के लिए पुलिस चौकियों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 की जा रही है.
  • भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रास्तों पर 900 से 990 तक बैरिकेडिंग लगाई जाएंगी और फायर स्टेशनों व दमकल गाड़ियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी.

यह भी पढ़ें- कोहरे में अब नहीं थमेगी ट्रेनों की रफ्तार! रेलवे ने अपग्रेड किया फॉग सेफ्टी डिवाइस, लोको पायलट को पहले ही मिलेगा सिग्नल अलर्ट

 मकर संक्रांति से महाशिवरात्रि तक लगेंगी आस्था की डुबकी

माघ मेला 2027 का औपचारिक शुभारंभ 15 जनवरी को मकर संक्रांति के पहले प्रमुख स्नान पर्व के साथ होगा. इसके बाद पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या और माघी पूर्णिमा जैसे बड़े स्नान पर्व पड़ेंगे. मेले का समापन महाशिवरात्रि के पवित्र स्नान के साथ होगा. इन तारीखों पर उमड़ने वाले जनसैलाब को देखते हुए निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें- अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम ट्रेन में 8 AC और 7 स्लीपर कोच, सीतामढ़ी-नरकटियागंज से गोरखपुर भी रूट में शामिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Magh Mela Date, Prayagraj Magh Mela, Prayagraj Sangam, UP GOVERNMENT NEWS, Magh Mela News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com