विज्ञापन

मेथी प्याज का लच्छा पराठा ऐसा कि खाते रह जाओगे, हर कोई बार-बार बनाने की करेगा डिमांड

सिंपल से मेथी पराठे आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन क्या कभी प्याज और मेथी से बने लच्छे पराठे खाए हैं? अगर नहीं, तो इस सर्दी जरूर बनाकर खाएं. यहां जानते हैं रेसिपी-

मेथी प्याज का लच्छा पराठा ऐसा कि खाते रह जाओगे, हर कोई बार-बार बनाने की करेगा डिमांड
Pyaz methi Laccha Paratha : प्याज मेथी का लच्छा पराठा कैसे बनाएं?

सर्दियां शुरू होते ही घरों में तरह-तरह के पराठे बनने शुरू हो जाते हैं. सर्दियों में गर्मागर्म पराठे जब थाली में आते हैं, तो हर किसी का मन खुश हो जाता है. खासतौर पर इन दिनों मेथी के पराठे थाली में काफी ज्यादा सर्व किए जाते हैं. लेकिन अगर आप एक जैसे मेथी पराठे खाकर बोर हो गए हैं, तो आज प्याज और मेथी के लच्छेदार पराठे बनाकर देंखें. अगर आपने एक बार इस रेसिपी को बना दिया, तो आपके बच्चे बार-बार इसे मांगकर खाएंगे. इस स्पेशल रेसिपी को यूट्यूब चैनल Poonam's Kitchen पर शेयर की गई है. उनका कहना है कि ये मेथी-प्याज लच्छा पराठा रेसिपी स्वाद और टेक्सचर दोनों का शानदार कॉम्बिनेशन है. इसकी खास बात ये है कि इसे बनाने का तरीका पराठे को बाहर से कुरकुरा और अंदर से काफी स्वादिष्ट बनाता  है.

वीडियो में देखें रेसिपी...

प्याज मेथी का लच्छा पराठा कैसे बनाएं?

आवश्यक सामग्री

गेहूं का आटा - 2 कप 
मेथी के पत्ते - 100 ग्राम 
नमक - 1/2 टीस्पून 
देसी घी - 1 टेबलस्पून 
पानी - जरूरत अनुसार 
पतले और लंबे कटे हुए प्याज - 4 मीडियम 
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1 टीस्पून 
चाट मसाला - 1 टीस्पून 
भुना जीरा पाउडर - 1 टीस्पून 
धनिया पाउडर - 2 टीस्पून 
हल्दी पाउडर - आधा टीस्पून 
काला नमक - आधा टीस्पून 
नमक - आधा टीस्पून 
चीनी - 1 टीस्पून 
अजवाइन - 1 टीस्पून 
हरी मिर्च बारीक कटी हुई - 3 
अदरक कद्दूकस किया हुआ - 1 इंच 
लहसुन की कलियां कद्दूकस की हुई - 3-4 
सफेद तिल - 2 टेबलस्पून 
हरा धनिया - 3-4 टेबलस्पून 
भुना बेसन - 3 टेबलस्पून 

ऐसे बनाएं प्याज और मेथी का लच्छा पराठा

सबसे पहले मेथी के पत्तों को धोकर बारीक काट लें. कड़ाही में घी गर्म करें और मेथी के साथ थोड़ा नमक डालकर 2-3 मिनट भून लें. जब इसका पानी सूख जाए तो इसे ठंडा कर लें. अब गेहूं के आटे में भुनी हुई मेथी और नमक मिलाकर नरम आटा गूंथ लें. ऊपर से थोड़ा घी लगाएं और 5 मिनट के लिए ढककर रख दें.

कटे हुए प्याज में नमक मिलाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद प्याज का सारा पानी निचोड़ लें. अब इसमें सभी मसाले, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, तिल और हरा धनिया मिलाएं. आखिर में भुना बेसन डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.

आटे की दो लोइयां बनाकर मध्यम आकार की रोटियां बेल लें. एक रोटी पर प्याज का मिश्रण फैलाएं और दूसरी रोटी ऊपर रख दें. अब इसे लंबी स्ट्रिप्स में काटकर रोल करें और लोई का आकार दें. इसके ऊपर थोड़ी कलौंजी और हरा धनिया लगाकर मोटा पराठा बेल लें. गर्म तवे पर पराठा डालें और धीमी आंच पर दोनों तरफ से सेकें. जब पराठा हल्का सुनहरा हो जाए तो घी लगाकर अच्छी तरह क्रिस्पी होने तक पकाएं.

गरमा-गरम मेथी-प्याज लच्छा पराठे को दही, अचार या चाय के साथ सर्व करें. इसकी कुरकुरी परतें और मसालेदार स्वाद हर किसी को पसंद आएगा और घर वाले इसे बार-बार बनाने की फरमाइश करेंगे.

ये भी पढ़ें - घर पर बनाएं फर्रुखाबाद की कुरकुरी चटपटी पापड़ी चाट, स्वाद ऐसा की हर वीकेंड बनाएंगे आप, झट से नोट करें रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Methi Pyaz Ka Paratha, Lachha Paratha Recipes, Methi Pyaz Lacha Paratha Banane Ka Tarika, Food, Lifestyle
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com