गर्मियों के मौसम में खीरा खाना किसे पसंद नहीं होता. सलाद में कट कर आए या फिर ऐसे ही नमक लगाकर खाएं, यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है, लेकिन कई बार खीरे की एक फांक मुंह का स्वाद खराब कर देती है. जब खीरा कड़वा निकल जाए, तो पूरा मूड ही ऑफ हो जाता है. कई बार तो मेहमानों के सामने सलाद में कड़वा खीरा चला जाता है, जिससे काफी शर्मिंदगी होती है. तो सवाल यह है कि बाजार से खीरा खरीदते वक्त या काटने से पहले कैसे पता करें कि खीरा कड़वा है या मीठा?
खीरा कड़वा क्यों होता है?
खीरे में कड़वाहट एक खास केमिकल की वजह से होती है, जिसे कुकुर्बिटासिन कहते हैं. जब खीरे के पौधे को सही पानी नहीं मिलता या बहुत तेज धूप पड़ती है, तो पौधा खुद को बचाने के लिए यह केमिकल बनाता है. यही कड़वाहट खीरे के डंठल और छिलके के पास जमा हो जाती है.
कड़वा खीरा पहचानने के आसान तरीके:
छिलके का रंग देखें: बाजार में जब भी खीरा लें तो ध्यान दें कि वह बहुत ज्यादा डार्क ग्रीन यानी गहरे हरे रंग का न हो. गहरे हरे और बहुत मोटे छिलके वाले खीरे अक्सर कड़वे निकल जाते हैं. हल्का हरा और पतला छिलका वाला खीरा आमतौर पर मीठा होता है.
खीरे की बनावट: खीरा एकदम सीधा और बराबर होना चाहिए, जो खीरा एक तरफ से बहुत मोटा और दूसरी तरफ से एकदम पतला होता है, उसमें कड़वाहट होने के चांस ज्यादा होते हैं.
डंठल वाला हिस्सा सूंघें: खीरे को काटने से पहले उसके ऊपर यानी डंठल वाले हिस्से को सूंघकर देखें. अगर उसमें से अजीब सी तेज महक आ रही है तो समझ जाएं कि वह कड़वा हो सकता है.
दबाकर देखें: अगर खीरा बीच में से बहुत ज्यादा सख्त लग रहा है या फिर बहुत ज्यादा पिलपिला है, तो उसे न खरीदें. हल्का और ताजा खीरा ही खाएं.
कड़वाहट दूर करने के देसी नुस्खे:
- खीरे के ऊपरी हिस्से को थोड़ा सा काट लें.
- अब कटे हुए हिस्से पर थोड़ा सा नमक लगाएं और कटे हुए टुकड़े को खीरे पर गोल-गोल घिसें.
- आप देखेंगे कि सफेद रंग का झाग बाहर निकलने लगेगा, यही झाग कड़वाहट होती है.
- जब झाग आना बंद हो जाए तो उसे धोकर काट लें.
- इसके अलावा आप खीरे को छीलने के बाद एक कांटा लें और खीरे पर ऊपर से नीचे तक हल्की लाइनें बना दें.
- इसके बाद उसे ठंडे पानी में 10 मिनट के लिए भिगो दें.
- इससे भी कड़वाहट कम हो जाती है.
- आप चाहें, तो खीरे के स्लाइस काट लें और उस पर थोड़ा सा नमक छिड़क कर 5 मिनट के लिए छोड़ दें.
- फिर उसे साफ पानी से धोकर खाएं.
इसे भी पढ़ें: अपराजिता के फूलों की हर्बल चाय कैसे बनाएं? जानें फायदे और बनाने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं