रोजमर्रा की रसोई में हरी मिर्च का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है, लेकिन अक्सर बाजार से लाने के कुछ ही दिनों बाद मिर्चियां सूखने, लाल पड़ने या सड़ने लगती हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो फ्रिज में इसे सही तरीके से स्टोर करें. Vaishali Kahale Food Recipes यूट्यूब चैनल पर शेयर किया गया एक आसान किचन हैक काफी काम आ सकता है. वैशाली काहले ने बताया है कि हरी मिर्च को फ्रिज में सही तरीके से स्टोर किया जाए तो वह करीब एक महीने तक ताजा रह सकती है.
क्यों जल्दी खराब हो जाती है हरी मिर्च?
अक्सर लोग बाजार से लाई गई हरी मिर्च को उसी पॉलीथीन में फ्रिज में रख देते हैं. इसकी वजह से नमी जमा होने लगती है और मिर्च डंडी वाली तरफ से जल्दी खराब होने लगती है. यही कारण है कि कुछ दिनों में मिर्चियां सड़ने या रंग बदलने लगती हैं.
सबसे पहले करें ये काम
हरी मिर्च घर लाने के बाद उसे एक या दो बार अच्छी तरह धो लें. इसके बाद किसी सूखे कपड़े या पेपर पर फैलाकर रख दें ताकि उसका सारा पानी सूख जाए. अगर मिर्च पर ज्यादा नमी हो तो कपड़े से पोंछ भी सकते हैं.
डंडी हटाना है सबसे जरूरी स्टेप
वैशाली काहले वीडियो में बताती हैं कि हरी मिर्च को लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए उसकी डंडी तोड़ देना बेहद जरूरी है. सभी मिर्चियों की डंडी निकालकर अलग कर दें. इससे मिर्च जल्दी खराब नहीं होती और लंबे समय तक ताजी बनी रहती है.
एयरटाइट बॉक्स में ऐसे करें स्टोर
अब एक साफ और पूरी तरह सूखा एयरटाइट कंटेनर लें. इसमें नीचे टिशू पेपर या न्यूजपेपर बिछा दें. इसके बाद डंडी निकाली हुई मिर्चियों को बॉक्स में रखें और ऊपर से भी टिशू पेपर से कवर कर दें. फिर कंटेनर का ढक्कन बंद कर दें.
फ्रिज में रखें, फ्रीजर में नहीं
तैयार बॉक्स को फ्रिज में रखें, लेकिन फ्रीजर में बिल्कुल न रखें. इस तरीके से स्टोर की गई हरी मिर्च करीब एक महीने तक ताजा रह सकती है और उसके स्वाद में भी कोई खास फर्क नहीं पड़ता.
ये भी पढ़ें - आरओ का पानी कितने दिन में खराब हो जाता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं