भारत में डोसे की पहचान बताने की शायद ही जरूरत पड़े. सुबह के नाश्ते से लेकर रेस्टोरेंट में फैमिली आउटिंग तक, डोसा हमारे खाने का अहम हिस्सा है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा था कि यही साधारण सा दिखने वाला साउथ इंडियन फूड अमेरिका के एक बड़े शहर में सबसे तेजी से लोकप्रिय हो रहे फूड ट्रेंड्स में शामिल हो जाएगा?
Google Maps की पहली फैन फेवरेट डाइनिंग लिस्ट में सामने आया है कि अमेरिका के सिएटल शहर में पिछले एक साल के दौरान डोसा का जिक्र करने वाले रिव्यू 136 फीसदी बढ़ गए हैं. इस बढ़ोतरी ने डोसे को शहर के सबसे तेजी से उभरते फूड ट्रेंड्स में शामिल कर दिया है.
सिएटल में डोसे की बढ़ी लोकप्रियता-
Google Maps के मुताबिक, सिएटल में डोसे का जिक्र करने वाले रिव्यू पिछले साल की तुलना में 136 फीसदी बढ़े हैं. रिपोर्ट में श्री आनन्द भवन (Shri Ananda Bhavan) और चेन्नई एक्सप्रेस (Chennai Express) जैसे रेस्टोरेंट का भी जिक्र किया गया है, जहां लोग खास तौर पर डोसा खाने पहुंच रहे हैं.
हालांकि रिपोर्ट में यह साफ नहीं बताया गया कि अचानक डोसे की लोकप्रियता इतनी तेजी से क्यों बढ़ी, लेकिन भारतीय खाने की बढ़ती पहुंच और लोगों की नई चीजें ट्राई करने की दिलचस्पी इसकी एक वजह हो सकती है. जो भी कारण हो, भारतीय फूड लवर्स के लिए यह खबर गर्व करने वाली है.
न्यूयॉर्क में फिर लौटा फ्रोजन योगर्ट का क्रेज-
सिर्फ डोसा ही नहीं, न्यूयॉर्क में फ्रोजन योगर्ट यानी फ्रोयो भी जोरदार वापसी कर रहा है. Google Maps के अनुसार, इस स्वीट का जिक्र करने वाले रिव्यू में पिछले एक साल में 320 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
बर्डीस मीमीज़ (Birdie's, Mimi's) और ब्रुकलिन कल्चर (Brooklyn's Culture) जैसे आउटलेट्स में लोग नए फ्लेवर और टॉपिंग्स वाले फ्रोजन योगर्ट को खूब पसंद कर रहे हैं.
मॉन्ट्रियल और टोक्यो में भी बदल रहे हैं फूड ट्रेंड्स-
कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर में दालचीनी वाले मीठे बन यानी Cinnamon Buns का क्रेज बढ़ रहा है. इनके जिक्र वाले रिव्यू में 84 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
वहीं जापान की राजधानी टोक्यो में Mochi की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है. रिपोर्ट के अनुसार, मोची का जिक्र करने वाले रिव्यू 168 फीसदी बढ़े हैं. Google Maps का मानना है कि रिकॉर्ड लेवल पर बढ़े पर्यटन ने इसमें अहम भूमिका निभाई हो सकती है.
Matcha ही नहीं, ये फ्लेवर भी बटोर रहे हैं सुर्खियां-
ग्रीन टी से बनने वाला Matcha दुनिया के कई शहरों में लगातार लोकप्रिय हो रहा है. Chicago में इसके जिक्र वाले रिव्यू 82 फीसदी और Santiago में 84 फीसदी बढ़े हैं. वहीं Seattle, San Francisco, New York और Atlanta में भी 50 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई.

Photo Credit: Pexels
लेकिन चर्चा सिर्फ Matcha तक सीमित नहीं है-
लंदन में Hojicha को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ रहा है. इस रोस्टेड ग्रीन टी का जिक्र करने वाले रिव्यू 114 फीसदी बढ़ गए हैं.
वहीं ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में Ube यानी पर्पल याम लोगों को खूब पसंद आ रहा है. इसके जिक्र वाले रिव्यू में 75 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
बीफ टैलो और Beignets भी बने लोगों की पसंद-
Chicago में बीफ टैलो के जिक्र वाले रिव्यू 82 फीसदी बढ़े हैं. यह एक तरह का रेंडर्ड बीफ फैट होता है, जिसका इस्तेमाल कुकिंग में किया जाता है.
वहीं Atlanta में Beignets नाम की डीप-फ्राइड पेस्ट्री लोगों की पसंद बन रही है. इसके जिक्र वाले रिव्यू में 77 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
कैसे तैयार हुई यह लिस्ट?
Google Maps ने यह Fan-Favourite Dining List लोगों द्वारा दिए गए रेस्टोरेंट रिव्यू, रेटिंग्स और वहां पहुंचने के लिए किए गए डायरेक्शन सर्च के आधार पर तैयार की है. इस लिस्ट में दुनिया के 10 बड़े शहरों को शामिल किया गया है, जिनमें अटलांटा, शिकागो, लंदन, मेलबर्न, मॉन्ट्रियल, न्यूयॉर्क, सैन फ्रांसिस्को, सैंटियागो, सिएटल और टोक्यो शामिल हैं.
आप पूरी Fan-Favourite Dining List Google Maps की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं