विज्ञापन

बारापुला फ्लाईओवर पर जाम की टेंशन दूर? गूगल मैप्स पर लाइव ट्रैफिक अपडेट मिलने लगा

दिल्ली के बारापूला फेज-3 कॉरिडोर पर ट्रैफिक का अब लाइव अपडेट गूगल मैप्स पर मिलने लगा है. इससे मयूर विहार फेज 1 से एम्स तक ट्रैफिक की जानकारी यात्रियों को मिलती रहेगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ये जानकारी दी है.

बारापुला फ्लाईओवर पर जाम की टेंशन दूर? गूगल मैप्स पर लाइव ट्रैफिक अपडेट मिलने लगा
Delhi Barapullah Phase 3 flyover Traffic
NDTV
नई दिल्ली:

दिल्ली के बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर के जाम की समस्या से अब थोड़ी राहत मिलने जा रही है. दिल्ली के बारापुला फ्लाईओवर का गूगल मैप्स से लाइव ट्रैफिक अपडेट अब मिलने लगा है. उद्घाटन के करीब एक माह बाद ये अपडेट हुआ है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी ने ट्रैफिक जाम पर कहा था कि गूगल मैप्स का लाइव ट्रैफिक सिस्टम नए खुले इस 8 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर ट्रैफिक की सही स्थिति को अपडेट नहीं कर रहा था. इससे सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक बिजी टाइम और शाम को इस रूट पर भारी जाम रहता था. तब भी गूगल मैप्स ऐप पर इस रूट को ग्रीन दिखा रहा था. इससे हजारों वाहन फ्लाईओवर पर चढ़कर महाजाम में फंस रहे थे. 

बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर कब खुला

दिल्ली का बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 को सीधे दक्षिण दिल्ली के सराय काले खां और एम्स से जोड़ता है. बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर से यात्रा का समय 45 मिनट से घटकर 15 मिनट का दावा था, लेकिन बारापूला फेज-3 खुलते ही यात्रियों के लिए 3 से 4 किमी लंबा महाजाम सिरदर्द बन गया है. इस ट्रैफिक जाम से बचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी और नेविगेशन गूगल मैप्स नए तरीके ईजाद कर रहे हैं.

गूगल मैप्स का लाइव ट्रैफिक स्टेटस

दिल्ली के बारापुल्ला एलिवेटेड कॉरिडोर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालक अब गूगल मैप्स पर लाइव ट्रैफिक का स्टेटस देख सकते हैं. कॉरिडोर का फेज 3 वाहनों के लिए खुलने के लगभग एक महीने बाद ये लाइव फीड शुरू हो गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुरोध के बाद यह बदलाव किया गया है. इस नए रास्ते पर लोगों को ट्रैफिक जाम का अंदाजा लगाने और कोई दूसरा वैकल्पिक रास्ता चुनने का लाइव विकल्प मिलेगा.दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, गूगल से लाइव अपडेट मिलना शुरू हो गए हैं. अब ड्राइवर बारापूला कॉरिडोर में प्रवेश से पहले ही स्टेटस चेक कर सकते हैं. अगर ट्रैफिक ज्यादा दिखे तो दिल्ली-नोएडा के DND रूट, NH-24 या विकास मार्ग जैसे रास्ते चुन सकते हैं. 

बारापुल्ला फेज 3 में ट्रैफिक जाम क्यों?

ट्रैफिक अपडेट की जानकारी न होने से ड्राइवरों को यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया कि उन्हें बारापूला पार करने में कितनी देरी हो सकती है. दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक लाइव अपडेट को जाम लगने की दिक्कतों में सबसे बड़ी वजह माना था. ट्रैफिक इस एलिवेटेड रोड पर कैसे आता है और कैसे आगे बढ़ता है, इसकी समीक्षा दिल्ली पुलिस के अफसरों ने की थी. गाड़ियां जिस मुख्य सड़क पर आकर मिलती हैं, उस मर्जिंग लेन की खामी को दुरुस्त करने का फैसला हुआ. अधिकारियों ने मौके पर यह जायजा लिया कि क्या यह लेआउट अलग-अलग दिशाओं से आने वाली गाड़ियों को बिना किसी रुकावट के संभाल सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने एक हवाई सर्वेक्षण भी किया. दरअसल, 3-3 लेन वाली दो अलग-अलग सड़कें एक ही तीन लेन वाले कॉरिडोर में आकर मिलती हैं. अलग-अलग दिशाओं से आ रही कारों को एक ही जगह के लिए आपस में आगे बढ़ने के लिए जूझना पड़ता है. इससे ट्रैफिक की रफ्तार धीमी होने की आशंका बढ़ जाती है.

ये भी पढ़ें- बारापुला जाम 15 दिन में होगा खत्म, दिल्ली सरकार ने बनाया महाप्लान; यू-टर्न, एक्स्ट्रा लेन, मैप अपडेट तक शामिल

गाड़ियों के संकरे दायरे से अभी भी जाम

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खुले सेक्शन में किए गए बड़े डिजाइन बदलावों की जानकारी के लिए लोक निर्माण विभाग से संपर्क साधा है. ये मांग ऐसे वक्त आई है, जब कॉरिडोर के मर्जिंग पॉइंट्स और ट्रैफिक पर उनके असर से दिक्कतें लगातार बढ़ रही हैं. एक्सपर्ट का कहना है कि इन जंक्शनों की बनावट तय ट्रैफिक इंजीनियरिंग मॉडल के अनुरूप नहीं है. इससे भारी जाम लगने की पूरी आशंका है, जो गूगल लाइव ट्रैफिक अपडेट से भी बड़ी स्थायी समस्या है. विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट में कहा गया है कि तेज रफ्तार से आ रहे वाहन जब चौड़े की जगह संकरे दायरे में आते हैं तो ट्रैफिक जाम की वजह बनते हैं. गूगल मैप्स का नया अपडेट ड्राइवरों को कुछ देरी से तो बचा सकता है, लेकिन इससे सड़क की बनावट और ढांचागत खामियों में कोई फर्क नहीं पड़ता. यही वजह है कि बारापुल्ला के आसपास अभी भी ट्रैफिक जाम लग रहा है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली को मिले 3 अंडरपास, मोदी मिल फ्लाईओवर से कालकाजी, नेहरू प्लेस से ग्रेटर कैलाश तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी मिलेगी
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Barapullah Phase 3, Barapullah Flyover Traffic, Barapullah Flyover Traffic Update, Barapullah Flyover Route, Barapullah Flyover Route Google Map
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com