पेट में गैस, अचपच या भारीपन महसूस होने जैसी समस्या होना आम बात है. कई बार हम कुछ ज्यादा तला-भुना या तीखा खा लेते हैं, जिसके बाद पेट में अजीब सी जलन महसूस होने लगती है. इसके अलावा कई बार हाजमा ठीक से नहीं हो पाता है, जिससे भी गैस की परेशानी बढ़ जाती है. ऐसे में लोग तुरंत दवाई खाने के लिए दौड़ते हैं. लेकिन आप चाहें तो कुछ नेचुरल चीजों की मदद से भी इस तरह की समस्या में राहत पा सकते हैं. मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट किरण कुकरेजा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने पेट में गैस, भारीपन, एसिडिटी या ब्लोटिंग जैसी परेशानियों से निजात पाने के लिए एक खास डाइजेस्टिव मिक्स चूर्ण बनाने की रेसिपी बताई है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें-
चूर्ण बनाने के लिए आपको-
- 30 ग्राम भुनी हुई सौंफ
- 20 ग्राम भुना हुआ जीरा
- 10 ग्राम भुनी हुई अजवाइन
- 10 ग्राम भुना हुआ धनिया
- 10 ग्राम अनारदाना पाउडर
- 2 छोटे चम्मच सूखे पुदीने का पाउडर
- 2 छोटे चम्मच सेंधा नमक
- 2 छोटे चम्मच इलायची पाउडर और
- 2 छोटे चम्मच हींग की जरूरत होगी.
- इस चूर्ण को बनाने के लिए सबसे पहले सौंफ, जीरा, अजवाइन और धनिया को अलग-अलग हल्का भून लें. ध्यान रखें कि आपको इन्हें बहुत ज्यादा नहीं भूनना है. भूनने के बाद इन सभी चीजों को ठंडा होने दें.
- इसके बाद भुने हुए मसालों को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. इसमें अनारदाना पाउडर, सूखा पुदीना, सेंधा नमक, इलायची पाउडर और हींग मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें, ताकि मसालों का मिश्रण एक जैसा हो जाए.
- इतना करते ही आपका चूर्ण बनकर तैयार हो जाएगा. आप इसे किसी साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख सकते हैं. न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं कि इस तरह तैयार चूर्ण को आप एक महीने तक स्टोर करके रख सकते हैं.
किरण कुकरेजा बताती हैं, जब भी आपको पेट में गैस, भारीपन या अपच जैसा महसूस हो, तब आप हल्के गुनगुने पानी के साथ आधा चम्मच ये चूर्ण खा सकते हैं. हालांकि, अगर आप हाई ब्लड प्रेशर या किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं, तो इसका सेवन करने से पहले एक बार एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- घर पर पहाड़ी नमक कैसे बनाएं? जानें पिस्यु लूण बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं