सर्दियों के मौसम चटपटा खाने के बहुत मन करता है. खाने के साथ अगर कोई चटपटी और मसालेदार चीज मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. आमतौर पर लोग खाने के साथ आम, नींबू या मिर्च का अचार खाना पसंद करते हैं. अगर आपको भी अचार खाने का शौक है, तो इस बार घर पर कुंदरू का चटपटा अचार जरूर बनाकर देखें. कई लोगों न कुंदरू की सब्जी तो जरूर खाई होगी, लेकिन इसका अचार भी बहुत स्वादिष्ट होता है. इसे घर पर बनाना भी बहुत आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले भी रसोई में आसानी से मिल जाते हैं. चलिए आपको बताते हैं घर पर कुंदरू का आचार कैसे बनाएं?
कुंदरू का अचार कैसे बनाएं?
यूट्यूब पर @AmitaKitchen नाम के चैनल पर अमिता ने एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में अमिता ने कुंदरू का आचार बनाने का तरीका बताया है. कुंदरू का अचार बनाने के लिए 500 ग्राम कुंदरू लें. इसके अलावा एक बड़ा चम्मच नमक, आधा छोटा चम्मच से कम हल्दी, एक छोटा चम्मच मेथी दाना, एक बड़ा चम्मच पीली सरसों, दो छोटे चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, थोड़ा सा हींग, एक चौथाई चम्मच कलौंजी, चार बड़े चम्मच सरसों का तेल और एक बड़ा चम्मच सफेद सिरका लें. इसके साथ ही स्वाद के अनुसार आमचूर पाउडर भी डाल सकते हैं.
कुंदरू को काटकर सुखाएं
कुंदरू का आचार बनाने के लिए सबसे पहले कुंदरू को अच्छी तरह धो लें और साफ कपड़े से पोंछकर उसका पानी सुखा दें. कुंदरू में बिल्कुल भी पानी नहीं रहना चाहिए. अब इसके दोनों किनारे काटकर इसे लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें. एक बर्तन में कुंदरू डालकर इसमें एक बड़ा चम्मच नमक और थोड़ी हल्दी मिलाएं. इसे 4-5 घंटे धूप में रखें या रातभर ऐसे ही छोड़ दें. इससे कुंदरू पानी छोड़ देगा और नरम हो जाएगा. इसके बाद छलनी में डालकर एक्स्ट्रा पानी निकाल दें.
कड़ाही में कुंदरू का आचार कैसे बनाएं
अब एक कड़ाही में मेथी दाना और पीली सरसों डालकर धीमी आंच पर आधा से एक मिनट भूनें, इन्हें ठंडा करके दरदरा पीस लें. अब इसमें लाल मिर्च, कश्मीरी मिर्च, हल्दी, हींग और कलौंजी मिलाकर मसाला तैयार कर लें. फिर कड़ाही में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें. जब तेल से धुआं उठने लगे तो गैस बंद कर दें. अब इसमें कुंदरू डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद तैयार मसाला, स्वादानुसार नमक और आमचूर पाउडर डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अचार थोड़ा ठंडा होने पर इसमें एक बड़ा चम्मच सफेद सिरका डालें.
हफ्ते तक धूप में रखें
तैयार अचार को साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भरें. इसे करीब एक हफ्ते तक धूप में रखें. बीच-बीच में जार को हिलाते रहें. इससे मसाले अच्छी तरह मिल जाएंगे और कुंदरू नरम हो जाएगा.
यह भी पढ़ें:- गुजरात की मशहूर दानेदार मोहनथाल बर्फी कैसे बनाएं? मुंह में डालते ही घुल जाएगा इसका दानेदार स्वाद
यह भी पढ़ें:- छठ पर 10 तरह की सब्जी को मिलाकर बनती है ये सब्जी, यहां पढ़ें रेसिपी
यह भी पढ़ें:- कुकर में 1 गिलास चावल में कितना पानी डालना चाहिए? प्रेशर कुकर में चावल सही तरीके से कैसे पकाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं