Ganesh Chaturthi 2026 Date: गणेश चतुर्थी का नाम आते ही मन में ढोल-ताशों की गूंज और एक खास खुशबू याद आने लगती हैं. साल 2026 में गणेश चतुर्थी का यह पावन पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा. दस दिनों तक चलने वाले इस पर्व में हर घर में बप्पा की मूर्ति की स्थापना होती है और उनकी खूब सेवा-पूजा की जाती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हमारे प्यारे बप्पा को मोदक से इतना प्यार क्यों है? क्यों हर पूजा के बाद उन्हें मोदक का ही भोग लगाया जाता है? आइए जानते हैं इस बारे में और मोदक की आसान रेसिपी.
मोदक और बप्पा नाता-
पौराणिक कथाओं के अनुसार, मोदक को सिर्फ एक मिठाई नहीं बल्कि ज्ञान और आनंद का प्रतीक माना जाता है. संस्कृत में 'मोद' शब्द का मतलब होता है खुशी या आनंद, और मोदक का मतलब हुआ जो खाने वाले को खुशी दे. मोदप्रिया यानी जिन्हें खुशियां और मिठाइयां बहुत पसंद हैं. इसलिए जब भी भगवान गणेश की बात आती है, मोदक का नाम सबसे पहले लिया जाता है.

Photo Credit: File Photo
क्या है मोदक से जुड़ी कहानी?
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता पार्वती और भगवान शिव ने अपने दोनों बेटों कार्तिकेय और गणेश को एक बेहद दिव्य और खास मोदक खाने के लिए दिया. उस मोदक की खासियत यह थी कि उसे खाने वाले को सभी तरह के शास्त्रों का ज्ञान, कला और अमरता मिलने वाली थी. माता-पिता ने शर्त रखी कि जो भी भाई अपनी बुद्धि से पूरी दुनिया का चक्कर लगाकर सबसे पहले आएगा, यह मोदक उसी को मिलेगा.
कार्तिकेय जी तो तुरंत अपने मयूर पर बैठकर पूरी दुनिया की यात्रा पर निकल पड़े. लेकिन बुद्धि के देवता गणेश जी ने दिमाग लगाया. उन्होंने अपने माता-पिता के ही चक्कर लगा लिए और कहा कि उनके लिए तो उनके माता-पिता ही पूरी दुनिया हैं. उनकी इस चतुराई और माता-पिता के प्रति प्रेम को देखकर माता पार्वती बहुत प्रसन्न हुईं और उन्होंने वह पूरा मोदक गणेश जी को खाने के लिए दे दिया. बस, तभी से बप्पा को मोदक से एक अलग ही लगाव हो गया.
कैसे बनाएं स्वाद और सेहत से भरपूर मोदक की रेसिपी- (How To Make Modak Recipe At Home)
सामग्री-
- 1 कप चावल का आटा
- 1 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
- 1/2 कप गुड़
- 1 चम्मच घी
- 1 चुटकी नमक
- 1/2 चम्मच इलायची पाउडर
- 1 कप पानी
विधि-
- मोदक बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें. इसमें थोड़ा सा घी डाल दें जब पानी उबलने लगे, तब धीरे-धीरे चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिला लें. गैस बंद कर दें और मिश्रण को 10 मिनट ढककर रख दें. हल्का ठंडा होने पर इसे नरम और चिकना आटा गूंथ लें.
- फिर एक पैन में कद्दूकस किया हुआ नारियल और गुड़ डालें. धीमी आंच पर चलाते हुए पकाएं. जब गुड़ अच्छी तरह पिघल जाए, तब इलायची पाउडर डालकर मिला लें. मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें और ठंडा होने दें.
- आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. प्रत्येक लोई को हथेली या बेलन की मदद से पतला गोल आकार दें. इसके बीच में नारियल-गुड़ की स्टफिंग रखें और किनारों को मोड़ते हुए मोदक का शेप बना लें.
- तैयार मोदक को स्टीमर में कुछ मिनट तक भाप में पकाएं. जब मोदक हल्के ट्रांसपेरेंट दिखने लगें, तो उन्हें बाहर निकाल लें.
- आपके मोदक बनकर तैयार हैं इन्हें आप भोग में चढ़ाएं.
ये भी पढ़ें- बिना दूध घी के एक कप मूंगफली से आधा किलो काजू कतली जैसी मिठाई कैसे बनाएं | Watch Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं