सैंडविच एक ऐसी चीज़ है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. ब्रेकफास्ट से लेकर कैफे मेन्यू तक, सैंडविच हर जगह अपनी खास जगह बना चुका है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सैंडविच की शुरुआत आखिर कैसे हुई? क्या यह किसी बड़े शेफ की बनाई खास रेसिपी थी, या इसके पीछे कोई दिलचस्प कहानी छिपी है?
सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार ने अपने सोशल मीडिया वीडियो में सैंडविच के जन्म से जुड़ी एक बेहद रोचक कहानी साझा की है. उनके मुताबिक, सैंडविच का आविष्कार किसी शाही दावत या किचन एक्सपेरिमेंट से नहीं, बल्कि एक ऐसी जरूरत से हुआ था, जिसमें इंसान खाना भी खा सके और उसके हाथ भी गंदे न हों.
कौन थे जॉन मोंटागु?
18वीं सदी में जॉन मोंटागु उस दौर के एक शासक थे, जिन्हें ‘Fourth Earl of Sandwich' कहा जाता था. बताया जाता है कि उन्हें ताश और जुए का बहुत शौक था. वे घंटों तक खेल में डूबे रहते थे और अपनी जगह छोड़ना पसंद नहीं करते थे.
यहां तक कि उन्हें खाने के लिए भी उठना अच्छा नहीं लगता था, साथ ही वे ऐसा खाना चाहते थे, जिससे उनके हाथ गंदे न हों और खेल भी जारी रहे.
खेल-खेल में आया सैंडविच का आइडिया
शेफ रणवीर बरार के अनुसार, एक बार जॉन मोंटागु लंबे समय से ताश खेल रहे थे. उन्हें भूख लगी, लेकिन वे खेल रोकना नहीं चाहते थे, साथ ही वे यह भी नहीं चाहते थे कि मीट खाते समय उनके हाथ चिकने हो जाएं और ताश के पत्ते खराब हो जाएं.
तब उन्होंने अपने शेफ से कहा कि मीट के टुकड़ों को ब्रेड की दो स्लाइस के बीच रखकर लाया जाए, इससे वे एक हाथ से खेलते रहे और दूसरे हाथ से आराम से खाना खाते रहे. यही छोटा-सा आइडिया आगे चलकर दुनिया के सबसे लोकप्रिय स्नैक्स में बदल गया.
कैसे पड़ा इसका नाम ‘सैंडविच'?
कहानी यहीं खत्म नहीं होती. जब लोगों ने जॉन मोंटागु को इस तरह खाते देखा, तो उन्हें भी यह तरीका पसंद आया. वे भी वैसा ही खाना मंगाने लगे, जैसा ‘Earl of Sandwich' खा रहे थे. धीरे-धीरे ब्रेड की दो स्लाइस के बीच फिलिंग रखकर बनने वाली इस डिश को ‘सैंडविच' कहा जाने लगा. माना जाता है कि 1762 के आसपास यह नाम आम इस्तेमाल में आ गया.
सुविधा से जन्मा, दुनिया का फेवरेट बना
इस कहानी की सबसे खास बात यही है कि आज जिस सैंडविच को हम एक स्वादिष्ट और मॉडर्न स्नैक मानते हैं, उसकी शुरुआत सिर्फ सुविधा के लिए हुई थी. न कोई बड़ी रेसिपी, न कोई खास कुकिंग तकनीक, बस एक आसान तरीका.
शेफ रणवीर बरार भी यही बताते हैं कि कई बार दुनिया की सबसे मशहूर चीजें बहुत साधारण जरूरतों से पैदा होती हैं. सैंडविच भी ऐसी ही एक डिश है, जो आज हर उम्र के लोगों की पसंद बन चुकी है.
यहां देखिए वीडियो...
इसे भी पढ़ें: नाइट आइसक्रीम बन सकती है ब्रेन फॉग की वजह, रिसर्च में खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं