अलवर का मिल्क केक सिर्फ एक मिठाई नहीं है, बल्कि इसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. दिवाली का त्योहार हो या कोई खुशी का मौका, ये मिठाई हर जगह छाई रहती है. बाहर से हल्का भूरा और अंदर से दानेदार मिठास वाला ये मिल्क केक आम तौर पर दूध, चीनी और थोड़े से घी या केसर से बनता है. इसका टेस्ट ऐसा है कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करता है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है? अगर हां, कि सिर्फ आप ही इस मिठाई के दीवाने नहीं हैं, बल्कि अमेरिका, यूरोप और सऊदी अरब तक भी मिठाई को खूब पसंद किया जाता है.
आज के समय में मिलावट के कारण बाहर से कुछ भी खरीदने से पहले दो बार सोचना पड़ता है, अगर आपके साथ ही ऐसा होता है, तो नीचे बताई आसान रेसपी की मदद से आप आसानी से घर पर बाजार जैसा लेकिन बिना मिलावट वाला मिल्क केक बना सकते हैं.
मिल्क केक की रेसिपी?
सामग्री:
- फुल क्रीम दूध (2 लीटर)
- चीनी (1 कप)
- नींबू का रस (2 चम्मच) या थोड़ी सी फिटकरी
- देसी घी (3 चम्मच)
- इलायची पाउडर स्वाद के लिए
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई लें और उसमें दूध डालकर उबाल लें.
- जब दूध में उबाल आ जाए तो गैस मीडियम कर दें और इसे लगातार चलाते रहें ताकि ये नीचे न लगे.
- जब दूध पककर आधा रह जाए, तब इसमें थोड़ा सा नींबू का रस या फिटकरी का पानी डालें ताकि दूध में हल्का सा दाना बन जाए.
- याद रहे कि दूध को पूरी तरह से फाड़ना नहीं है, बस हल्का दानेदार बनाना है.
- अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके चीनी मिलाएं और लगातार चलाते रहें.
- जब पानी सूखने लगे तो इसमें देसी घी डाल दें ताकि मिठाई में अच्छी चमक और बढ़िया स्वाद आ जाए.
- दूध का मिश्रण जब एकदम गाढ़ा हो जाए और हल्का भूरा रंग ले ले, तो गैस बंद कर दें.
- अब इस गर्म मिश्रण को एक घी लगी थाली या डिब्बे में निकाल लें और ऊपर से ढककर किसी गर्म जगह पर 5 से 6 घंटे के लिए रख दें ताकि इसमें बढ़िया दाने और रंग आ जाए.
- लीजिए तैयार है आपका स्वादिष्ट और शुद्ध घर का बना मिल्क केक.
इसे भी पढ़ें: सिर्फ लड्डू ही क्यों, इस दिवाली बेसन से बनाएं ये 4 मिठाइयां, मेहमान तारीफ करते नहीं थकेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं