बाजार की मिलावटी मिठाइयों से दूर क्यों न इस दिवाली कुछ ऐसा खास बनाया जाए जो घर पर मौजूद सामान्य सामग्री से ही तैयार हो जाए और खाने में इतनी लजीज हो कि कोई पहचान ही न सके कि इसे हलवाई ने बनाया है या घर के किसी सदस्य ने. सबसे मजे की बात यह है कि इस शाही रेसिपी को तैयार करने में न तो गैस जलाने की माथापच्ची है, न ही घंटों तक कड़ाही में खड़े रहने का झंझट और सबसे राहत की बात यह है कि इसमें एक बूंद भी चाशनी बनाने की जरूरत नहीं पड़ती. बस एक कटोरी काजू और कुछ बुनियादी चीजों के साथ यह हलवाई जैसी रिच मिठाई मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- काजू (1 कटोरी)
- मिल्क पाउडर (1 कटोरी)
- चीनी (आधा से पौन कटोरी)
- इलायची (2 से 3)
- दूध (थोड़ा सा)
- चम्मच घी (1 छोटी)
- चांदी का वर्क
- पिस्ता
- गुलाब की पंखुड़ियां
बनाने का तरीका:
- ठंडे काजू को मिक्सी के जार में 'पल्स मोड' पर रोक-रोककर पीस लें ताकि तेल न छूटे.
- जरूरत हो तो छान लें.
- काजू पाउडर में मिल्क पाउडर और चीनी और इलायची का पाउडर मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें.
- अब रूम टेम्परेचर वाले दूध के थोड़े-थोड़े छींटे मारते हुए इसे हल्के हाथों से बांधकर मुलायम डो तैयार कर लें.
- अंत में थोड़ा घी लगाकर 5 मिनट रेस्ट दें.
- मिश्रण को चकले पर बेलकर किसी ढक्कन या कुकी कटर से गोल शेप में काट लें या पेड़े के सांचे से डिजाइन बना लें.
- चांदी का वर्क, पिस्ता और गुलाब की पंखुड़ियों से सजाएं.
- बिना गैस जलाए आपकी लाजवाब शाही मिठाई तैयार है.
इसे भी पढ़ें: दिल्ली का प्रदूषण न कर दे आंखें खराब, घर से बाहर निकलने से पहले कर लें ये 5 काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं