खाने वाला दिया कैसे बनता है?
NDTV
दिवाली का त्योहार हो और कुछ मीठा और नया न बने, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. इस बार अगर आप पारंपरिक मिठाइयों से हटकर कुछ यूनिक ट्राई करना चाहते हैं, तो यह एडिबल चॉकलेट ड्राई फ्रूट दिया एक बेहतरीन विकल्प है. ये देखने में जितना बढ़िया लगता है, खाने में उतना ही स्वादिष्ट और पोषक तत्वों से भरपूर है. इसकी खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए किसी एडवांस बेकिंग स्किल की जरूरत नहीं है, बल्कि घर के ही कुछ चुनिंदा और सेहतमंद इंग्रेडिएंट्स से आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- खजूर (1 कप बीज निकले हुए)
- काजू (1/4 कप)
- बादाम (1/4 कप + दिए के ऊपर सजाने के लिए कुछ एक्स्ट्रा)
- अखरोट (1/4 कप)
- मेल्टेड चॉकलेट (1/2 कप)
- तिल (2-3 बड़े चम्मच कोटिंग के लिए)
- देसी घी (1 छोटा चम्मच)
बनाने का तरीका:
- सबसे पहले काजू, बादाम और अखरोट को हल्का-सा ड्राई रोस्ट कर लें ताकि उनका कच्चापन निकल जाए और एक अच्छा क्रंच आ जाए.
- जब ये ठंडे हो जाएं, तो इन्हें मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें.
- यह ध्यान रहे कि इसका फाइन पाउडर नहीं बनाना है, बल्कि ड्राई फ्रूट्स के छोटे टुकड़े मुंह में आने चाहिए जो स्वाद को और बढ़ा दें.
- अब बीज निकले हुए खजूर को मिक्सर में डालकर एक सॉफ्ट पेस्ट बना लें.
- अगर खजूर ज्यादा सूखे हैं, तो आप उन्हें 10 से 15 मिनट के लिए गरम पानी में भिगोकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
- एक नॉन-स्टिक पैन में हल्का-सा घी डालकर इस खजूर के पेस्ट को 2 से 3 मिनट के लिए भून लें ताकि यह थोड़ा टाइट हो जाए.
- अब एक बड़े बर्तन में भुना हुआ खजूर का पेस्ट और दरदरे पिसे हुए ड्राई फ्रूट्स को अच्छी तरह से मिक्स कर लें.
- अपने हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर इसे एक आटे की तरह गूंथ लें ताकि सारी चीजें आपस में अच्छे से जुड़ जाएं.
- इस तैयार किए गए मिक्सचर से छोटे-छोटे गोले बना लें.
- अब अंगूठे की मदद से इन गोलों के बीच में हल्का-सा दबाव डालकर इसे एक छोटे दिए की शेप दें. दिए का ऊपर का हिस्सा थोड़ा सा नुकीला बनाएं जिससे वह बिल्कुल असली दिए की बाती जैसा लगे.
- अब इन तैयार किए गए दियों को चारों तरफ से सफेद या काले तिल से कोट कर लें, जिससे इसका लुक और भी शानदार लगे.
- अब दिए के बीच वाले खाली हिस्से में पिघली हुई चॉकलेट को ध्यान से भर दें.
- चॉकलेट सेट होने से पहले, हर दिए के बीच में एक साबुत बादाम को इस तरह से सेट करें जैसे वह दिए की जलती हुई बाती हो.
- अब इसे थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें ताकि चॉकलेट अच्छे से जम जाए.
- फिर मजे से खाएं.
इसे भी पढ़ें: दिवाली पर क्या बनाएं? झंझट खत्म, सिर्फ 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाएंगे ये 4 टेस्टी स्नैक्स
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Diwali, Diya, Dry Fruit Sweet Recipe, Food, Diwali Sweets List