विज्ञापन

घर पर बिना तंदूर के बनाएं ढाबे जैसी फूली-फूली तंदूरी रोटी, सीखें तवे पर बनाने का सबसे आसान तरीका

Ghar Par Tawa Tandoori Roti Kaise Banaye Recipe : तंदूरी रोटी रेसिपी खोज रहे हैं? अब आपको होटल या ढाबे जाने की जरूरत नहीं है. एक साधारण लोहे के तवे पर भी आप घर में ढाबा स्टाइल तंदूरी रोटी बना सकते हैं. आइए जानते हैं तंदूरी रोटी बनाने का आसान तरीका, सही आटा और जरूरी टिप्स.

घर पर बिना तंदूर के बनाएं ढाबे जैसी फूली-फूली तंदूरी रोटी, सीखें तवे पर बनाने का सबसे आसान तरीका
तंदूरी रोटी रेसिपी: बिना तंदूर के घर पर बनाएं ढाबा स्टाइल तंदूरी रोटी

Ghar Par Tawa Tandoori Roti Kaise Banaye: होटल या ढाबे पर जब भी हम खाना खाने जाते हैं, तो दाल मखनी, पनीर की सब्जी या चिकन के साथ सबसे पहले तंदूरी रोटी का ही आर्डर दिमाग में आता है. वो हल्की सी कड़क, अंदर से एकदम नर्म और ऊपर से लगा हुआ ढेर सारा मक्खन, इसका स्वाद ही अलग होता है. कई लोगों को लगता है कि तंदूरी रोटी सिर्फ बड़े-बड़े मिट्टी के तंदूर में ही बन सकती है और इसे घर की साधारण रसोई में बनाना नामुमकिन है. लेकिन सच कहूं तो ऐसा बिलकुल नहीं है.

आप अपने घर के साधारण लोहे के तवे पर भी बिलकुल ढाबा स्टाइल तंदूरी रोटी बना सकते हैं, वो भी बिना किसी झंझट के. आज हम आपको तंदूरी रोटी की ऐसी आसान रेसिपि बताएंगे, जिसे पढ़कर आप पहली बार में ही एकदम स्वादिस्ट और फूली-फूली रोटियां तैयार कर लेंगे. चलिए तंदूरी रोटी से जुड़े हर एक सवाल और इसे बनाने के पूरे तरीके को विस्तार से समझते हैं.

Recipe At A Glance
Servings: 6 रोटियां
Prep Time: 45 मिनट
Cook Time: 15 मिनट

होटल जैसी तंदूरी रोटी घर पर कैसे बनाएं? जानिए आसान तरीका

तंदूरी रोटी किस आटे की बनती है?

यह सबसे पहला सवाल है जो अक्सर लोगों के मन में आता है. ढाबों और रेस्टोरेंट में मिलने वाली तंदूरी रोटी ज्यादातर मैदा (Refined Flour) से बनाई जाती है, क्योंकि मैदा खिंचता अच्छा है और तंदूर की तेज आंच को आराम से बर्दाश्त कर लेता है. इससे रोटी दिखने में भी बहुत अच्छी लगती है.  लेकिन अगर आप घर पर इसे रोजाना या अक्सर खाना चाहते हैं, तो आप इसे पूरी तरह गेहूं के आटे से या फिर आधा गेहूं का आटा और आधा मैदा मिलाकर बना सकते हैं.

सिर्फ मैदे की रोटी: यह बहुत लचीली और होटल जैसी सफेद दिखती है, लेकिन पचने में थोड़ी भारी होती है.
सिर्फ गेहूं के आटे की रोटी: यह सेहत के लिए सबसे अच्छी होती है, खाने में हल्की होती है और इसका स्वाद भी बहुत बढ़िया आता है.
आधा आटा और आधा मैदा: अगर आपको रेस्टोरेंट जैसा टेक्सचर और घर की सेहत दोनों चाहिए, तो यह सबसे बेहतरीन विकल्प है.

परफेक्ट तंदूरी रोटी के लिए 5 टिप्स
सिर्फ लोहे का तवा इस्तेमाल करें
पानी अच्छी तरह लगाएं
तवा पहले से गर्म रखें
आटा कम से कम 30 मिनट रेस्ट करें
रोटी ज्यादा पतली न बेलें

Latest and Breaking News on NDTV

तंदूरी रोटी में क्या-क्या पड़ता है?

तंदूरी रोटी का स्वाद सिर्फ आटे पर निर्भर नहीं करता, बल्कि इसमें कुछ खास चीजें मिलाई जाती हैं जो इसे अंदर से स्पंजी और ऊपर से क्रिस्पी बनाती हैं.

तंदूरी रोटी बनाने के लिए आपको नीचे दी गई चीजों की जरुरत होगी:

  • गेहूं का आटा या मैदा - 2 कप (आप अपनी पसंद से दोनों को मिला भी सकते हैं)
  • ताजा दही - आधा कप (दही ज्यादा खट्टा न हो)
  • बेकिंग सोडा (मीठा सोडा) - आधा छोटा चम्मच
  • बेकिंग पाउडर - एक चौथाई छोटा चम्मच (अगर है तो जरूर डालें, इससे रोटी बहुत हल्की बनती है)
  • नमक - आधा छोटा चम्मच या स्वादानुसार
  • चीनी - आधा छोटा चम्मच (यह रोटी को बढ़िया रंग देने में मदद करती है)
  • तेल या घी - 1 से 2 बड़ा चम्मच (मोयन के लिए)
  • गुनगुना पानी - आटा गूंथने के लिए
  • हरा धनिया और कसूरी मेथी - ऊपर से चिपकाने के लिए (वैकल्पिक)
  • पानी - रोटी के एक तरफ लगाने के लिए
  • मक्खन या देसी घी - रोटी सिकने के बाद ऊपर लगाने के लिए

तंदूरी रोटी बनाने का आटा कैसे गूंथे?

तंदूरी रोटी की असली जान उसका आटा ही होता है. अगर आटा सही तरीके से नहीं गूंथा गया, तो रोटी पापड़ जैसी सखत बन जाएगी. इसलिए आटा लगाने के तरीके पर खास ध्यान दें.

  1. सबसे पहले एक बड़ी परात या बर्तन में आटा छान लें.
  2. अब आटे के बीच में थोड़ी सी जगह बनाएं. उसमें दही, नमक, चीनी, बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर और तेल डाल दें.
  3. पहले इन सारी चीजों को आटे के बीच में ही अच्छी तरह उंगलियों से मिला लें ताकि झाग जैसा बनने लगे.
  4. इसके बाद धीरे-धीरे पूरे आटे को इस मिश्रण के साथ मिलाएं.
  5. अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए एक बहुत ही नरम और चिकना आटा गूंथ लें. ध्यान रहे कि आटा न तो बहुत ढीला होना चाहिए और न ही पूरी के आटे जैसा कड़ा. यह सामान्य रोटी के आटे से हल्का सा ज्यादा नरम होना चाहिए.
  6. आटे को कम से कम 5 से 7 मिनट तक हथेलियों से अच्छी तरह मसलें. ऐसा करने से आटे में ग्लूटेन बनेगा और रोटी खिंचेगी.
  7. जब आटा एकदम चिकना हो जाए, तो उसके ऊपर हल्का सा तेल या पानी लगा दें.
  8. अब आटे को किसी गीले सूती कपड़े से ढककर कम से कम 30 से 45 मिनट के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें. अगर ठंड का मौसम है, तो आप इसे 1 घंटे के लिए भी रख सकते हैं. इससे आटे में हल्का खमीर उठ जाएगा और रोटियां एकदम फूली हुई बनेंगी.
Latest and Breaking News on NDTV

तंदूरी रोटी कैसे बनाई जाती है? (स्टेप बाय स्टेप तरीका)

जब आटा अच्छी तरह सेट हो जाए, तो समझ लीजिए आधा काम पूरा हो गया. अब बारी आती है इसे पकाने की. इसके लिए आपको एक भारी तले वाले लोहे के तवे की आवश्यकता होगी.

स्टेप 1 (लोई बनाना): आटे को एक बार फिर से हल्के हाथ से मसल लें. अब इसमें से सामान्य रोटी से थोड़ी बड़ी लोई तोड़ लें और गोल पेड़ा बना लें.
स्टेप 2 (रोटी बेलना): चकले पर थोड़ा सा सूखा आटा छिड़कें. पेड़े को रखें और बेलन की मदद से गोल या ढाबा स्टाइल ओवल (लंबा) आकार में बेल लें. ध्यान रखें कि तंदूरी रोटी सामान्य फुल्के से थोड़ी मोटी बेली जाती है. ज्यादा पतली बेलने पर यह कड़क हो जाएगी.
स्टेप 3 (धनिया और कसूरी मेथी): अगर आप होटल जैसा लुक चाहते हैं, तो बेली हुई रोटी के ऊपर थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ी कसूरी मेथी छिड़क दें. फिर एक बार बेलन चला दें ताकि वे आटे में चिपक जाएं.
स्टेप 4 (पानी लगाना - सबसे खास ट्रिक): अब रोटी को हाथ पर उठाएं और उसकी उल्टी तरफ (जिस तरफ धनिया नहीं लगा है) अच्छी तरह से हाथ से पानी लगा दें. पानी लगाने में कोई कंजूसी न करें, क्योंकि इसी पानी की वजह से रोटी तवे पर चिपकेगी और गिरेगी नहीं.
स्टेप 5 (तवे पर डालना): लोहे के तवे को गैस पर तेज आंच पर पहले से खूब गर्म कर लें. जब तवा अच्छा गर्म हो जाए, तो रोटी के पानी वाले हिस्से को तवे के ऊपर चिपका दें.
स्टेप 6 (पकने दें): गैस की आंच को मीडियम-हाई रखें. कुछ ही सेकंड्स में आप देखेंगे कि रोटी के ऊपर बड़े-बड़े बुलबुले (बबल्स) आने लगे हैं. इसका मतलब है कि नीचे का हिस्सा अच्छे से सिक चुका है और तवे को पकड़ चुका है.
स्टेप 7 (उल्टा करके सेकना): अब तवे को उसके हैंडल से पकड़ें और उल्टा करके सीधे गैस की आंच के ऊपर ले आएं. तवे को चारों तरफ गोल-गोल घुमाते हुए रोटी को आंच पर सेकें. ध्यान रखें कि तवे को आंच से 2-3 इंच ऊपर रखें ताकि रोटी जले नहीं, बल्कि उस पर तंदूर जैसे काले और भूरे रंग के सुंदर चित्ते पड़ जाएं.
स्टेप 8 (तवे से निकालना): जब रोटी पर अच्छा रंग आ जाए और चारों तरफ से सिक जाए, तो तवे को सीधा कर लें. अब चिमटे या खुरपी की मदद से रोटी को तवे से छुड़ा लें. आप देखेंगे कि पीछे का हिस्सा भी एकदम तंदूर जैसा सिका हुआ निकला है.
स्टेप 9 (बटर लगाना): गरमा-गरम रोटी को प्लेट में रखें और ऊपर से भरपूर मात्रा में बटर या देसी घी लगाएं.

घर पर तंदूरी रोटी बनाते समय ध्यान रखने वाली बातें

  • नॉन-स्टिक तवे का इस्तेमाल बिलकुल न करें. नॉन-स्टिक तवे पर रोटी चिपकेगी नहीं और जब आप तवे को उल्टा करेंगे तो रोटी सीधे जलती हुई आग में गिर जाएगी. इसके लिए सिर्फ लोहे या एल्युमिनियम का सादा तवा ही इस्तेमाल करें.
  • पानी अच्छी मात्रा में लगाएं. अगर पानी कम लगेगा, तो रोटी तवे को नहीं पकड़ेगी.
  • तवा पर्याप्त गर्म होना चाहिए. अगर ठंडे तवे पर रोटी डालेंगे, तो वह चिपकेगी नहीं और कड़क हो जाएगी.
  • जब भी अगली रोटी बनाएं, तवे को एक बार सूती कपड़े से पोंछ लें ताकि पिछली रोटी का सूखा आटा जलकर दूसरी रोटी पर न लगे.

अब आपकी गरमा-गरम, खुशबूदार और एकदम ढाबा स्टाइल तंदूरी रोटी बनकर तैयार है. इसे अपनी मनपसंद पनीर की सब्जी, दाल तड़का या छोले के साथ परोसें और घर बैठे रेस्टोरेंट के स्वाद का मजा लें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Restaurant Style Tandoori Roti, Roti, Tandoori Roti
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com