गर्मियों के मौसम में अक्सर समझ नहीं आता कि ऐसा क्या बनाया जाए जो खाने में हल्का हो, पेट को ठंडक दे और स्वाद में भी एकदम लाजवाब हो. कई बार घर में बनी सब्ज़ियां खाने का मन नहीं करता, तो कई बार कुछ चटपटा खाने की क्रेविंग होती है. अगर आप भी रोज़-रोज़ वही रोटी-सब्ज़ी खाकर बोर हो चुके हैं, तो आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक ऐसी रेसिपी, जिसे खाने के बाद उंगलियां चाटते रह जाएंगे.
हम बात कर रहे हैं दही बेसन चीला तड़का रेसिपी की. यह रेसिपी न सिर्फ प्रोटीन से भरपूर है, बल्कि गर्मियों में आपके पेट को ठंडक पहुंचाने में भी मददगार है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में सिर्फ 15 मिनट का समय लगता है और यह बहुत ही कम तेल में बनकर तैयार हो जाती है. तो आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल (@Eat Yammiecious) पर शेयर किया गया है. इसका स्वाद इतना लाजवाब है की आप एक रोटी की जगह 4-4 रोटी खा जाएंगे.

दही बेसन चीला की स्वादिष्ट रेसिपी. (Image @Eat Yammiecious)
कैसे बनाएं दही बेसन चीला तड़का- (How To Make Dahi Besan Cheela Tadka)
सामग्री-
- बेसन- आधा कप
- अजवाइन- 1/4 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच
- नमक- आधा चम्मच
- तेल- 1 चम्मच
- फ्रेश दही- डेढ़ कप
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- लहसुन- 5 कलियां
- अदरक और हरी मिर्च- बारीक कटे हुए
- जीरा-1 चम्मच
- राई- आधा चम्मच
- हींग- 1/4 चम्मच
- सूखी लाल मिर्च- 4-5
- करी पत्ता- 7-8
- तेल- 2 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर
- कुटी हुई लाल मिर्च
- भुना जीरा पाउडर
- धनिया पाउडर
- गरम मसाला
- सफेद नमक
- काला नमक
- बारीक कटा हरा धनिया
विधि-
- सबसे पहले एक बर्तन में आधा कप बेसन लें. इसमें अजवाइन को हाथों से रगड़कर डालें.
- फिर हल्दी, आधा चम्मच नमक और पानी मिलाकर एक बैटर तैयार कर लें. ध्यान रहे, बैटर न तो बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला.
- अब एक नॉन-स्टिक तवे पर हल्का सा तेल लगाएं. लेडल की मदद से बैटर को तवे पर फैलाएं.
- इसे डोसे की तरह एकदम पतला नहीं करना है. मध्यम-धीमी आंच पर दोनों तरफ से अच्छा कलर आने तक सेंक लें.
- आधा कप बेसन से करीब 4 चीले तैयार हो जाएंगे. इन चीलों को छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें.
- अब डेढ़ कप फ्रेश दही को विस्कर की मदद से अच्छे से फेंटकर स्मूथ कर लें.
- इसमें आधा चम्मच सफेद नमक और आधा कप पानी मिलाएं. ध्यान रखें, बेसन का चीला दही को सोखता है, इसलिए दही को थोड़ा पतला ही रखें. अब कटे हुए चीले के टुकड़ों को इस दही में डालकर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें.
- तवे या पैन में 2 चम्मच तेल गरम करें. इसमें जीरा, राई, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालकर चटकाएं. इसके बाद बारीक कटा अदरक-लहसुन डालकर भूनें.
- फिर प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें. अब गैस की आंच को एकदम धीमा करें और हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, कुटी लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, काला नमक और थोड़ा सा गरम मसाला डालकर मसालों को हल्का सा भून लें.
- मसाले भूनने के बाद गैस बंद कर दें और तड़के को 1 मिनट के लिए ठंडा होने दें.
- इसके बाद इस तड़के को दही और चीले वाले मिश्रण में ऊपर से डाल दें. ऊपर से ढेर सारा बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं.
- आपका लाजवाब और चटपटा दही बेसन चीला तड़का बनकर तैयार है! आप इसे रोटी, चावल के साथ खा सकते हैं या फिर रायते की तरह साइड डिश के रूप में एंजॉय कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: भुट्टे की ऐसी अनोखी सब्ज़ी आज तक नहीं होगी खाई, फटाफट नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं