विज्ञापन

ट्रक में लिफ्ट लिया और चुरा लिए ड्राइवर के 20 हजार... फिर बीच सड़क हुई सब-इंस्पेक्टर की जमकर धुनाई

सब-इंस्पेक्टर ने ट्रक ड्राइवर से लिफ्ट ली. आरोप है कि टोल प्लाजा पर उतरने के बाद सब-इंस्पेक्टर अपनी पर्सनल गाड़ी से चला गया.

ट्रक में लिफ्ट लिया और चुरा लिए ड्राइवर के 20 हजार... फिर बीच सड़क हुई सब-इंस्पेक्टर की जमकर धुनाई
हमीरपुर पुलिस ने इस मामले पर एक्शन लिया है.

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले एक सब-इंस्पेक्टर पर एक ट्रक ड्राइवर से लिफ्ट लेकर उसके 20,000 रुपये चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है. हद तो तब हो गई जब पीड़ित ड्राइवर ने करीब 13 किलोमीटर तक पुलिसवाले का पीछा किया और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. 

तलाशी लेने पर चोरी किए गए पैसे सब-इंस्पेक्टर की यूनिफॉर्म के अंदर से बरामद हुए. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

टोल प्लाजा पर खुली पोल

जानकारी के अनुसार, हमीरपुर में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर ने एक ट्रक ड्राइवर से रास्ते में लिफ्ट मांगी थी. ड्राइवर ने पुलिसवाले को अपने ट्रक में बिठा लिया. सफर खत्म होने के बाद जब टोल प्लाजा पर सब-इंस्पेक्टर ट्रक से उतरा, तो वह वहां पहले से खड़ी अपनी पर्सनल गाड़ी में बैठकर आगे के लिए रवाना हो गया.

सब-इनस्पेक्टर के जाने के तुरंत बाद जब ड्राइवर ने अपने पास रखे पैसों की जांच की, तो उसके होश उड़ गए. उसकी जेब से 20,000 रुपये गायब थे.

13 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा

अपने खून-पसीने की कमाई चोरी होने के बाद ड्राइवर ने हार नहीं मानी. उसने तुरंत अपनी गाड़ी से सब-इंस्पेक्टर की पर्सनल कार का पीछा करना शुरू कर दिया. करीब 13 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ड्राइवर ने आखिरकार सब-इंस्पेक्टर को घेरकर रोक लिया.

वहां मौजूद लोगों और ड्राइवर ने जब सब-इंस्पेक्टर से कड़ाई से पूछताछ की और उसकी तलाशी ली, तो सच सबके सामने आ गया. गायब हुए 20,000 रुपये सब-इंस्पेक्टर की पुलिस यूनिफॉर्म के अंदर से बरामद हो गए. इस दौरान मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया.

सब-इंस्पेक्टर सस्पेंड, केस दर्ज

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर हमीरपुर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है. जिले के क्षेत्राधिकारी सदर यशपाल सिंह की ओर से दिए गए बयान में कहा, "सोशल मीडिया पर आज एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा उपनिरीक्षक पर पैसा चोरी करने का आरोप लगाया जा रहा है. इस प्रकरण में संबंधित पीड़ित व्यक्ति से तहरीर प्राप्त कर ली गई है. इसके आधार पर थाना कोतवाली नगर हमीरपुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग (FIR) पंजीकृत किए जाने की कार्यवाही की जा रही है."

पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें: निशिकांत दुबे ने लगाया आरोप- अखिलेश यादव से बात करता था टिन्नू, सपा नेता के चैलेंज के बाद भी कायम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com