उम्र बढ़ने के साथ चेहरे पर झुर्रियां आना और त्वचा का ढीला होना एक आम बात है, लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव, रात-रात भर जागना और अनहेल्दी खान-पान की वजह से यह समस्या समय से बहुत पहले ही दस्तक देने लगी है. आजकल तो तीस की उम्र पार करते ही लोगों के चेहरे की चमक फीकी पड़ने लगती है और बारीक रेखाएं दिखने लगती हैं. इससे बचने के लिए कई लोग ब्यूटी प्रोडक्ट्स या क्रीम की मदद लेते हैं, लेकिन वो कहते है न असली खूबसूरती हमेशा भीतर से आती है, जिसका सीधा कनेक्शन आपकी डाइट और डेली रूटीन से होता है.
आइए जानते हैं कि जवां और टाइट त्वचा पाने के लिए हमें अपनी थाली में क्या शामिल करना चाहिए.
झुर्रियां कम करने के लिए क्या खाएं?
बढ़ती उम्र के असर को थामने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी हैं एंटीऑक्सीडेंट्स. ये शरीर के उन सेल्स की रक्षा करते हैं जो समय से पहले चेहरे को बूढ़ा बना रहे हैं.
विटामिन सी से भरपूर फल:
आंवला, संतरा, नींबू, कीवी और अमरूद जैसी चीजें शरीर में कोलेजन का उत्पादन तेजी से बढ़ाती हैं, यही वो चीज है जो त्वचा में कसाव और टाइटनेस बनाए रखती है.
विटामिन ई का पावरहाउस:
बादाम, सूरजमुखी के बीज, मूंगफली और हरी पत्तेदार सब्जियां त्वचा को अंदर से पोषण देती हैं और झुर्रियों को धीरे-धीरे कम करती हैं.
रंग-बिरंगे फल और सब्जियां:
गाजर, टमाटर, ब्रोकोली और पालक जैसी सब्जियों में बीटा-कैरोटीन होता है, जो डैमेज स्किन को रिपेयर करने का काम करता है.
सूजन कम करने वाली चीजें:
ग्रीन टी, हल्दी और अदरक जैसी प्राकृतिक चीजें शरीर की अंदरूनी सूजन घटाती हैं, जिससे चेहरा साफ और खिला-खिला नजर आता है.
सिर्फ झुर्रियां मिटाना ही काफी नहीं, चेहरे पर ग्लो और टाइटनेस के लिए प्रोटीन और हेल्दी फैट्स भी उतने ही जरूरी हैं,
प्रोटीन से भरपूर चीजें:
पनीर, अंडे, दूध, दालें और सोयाबीन खाने से त्वचा मजबूत बनती है और स्किन का नेचुरल लचीलापन बरकरार रहता है.
ओमेगा-3 फैटी एसिड:
मछली, अलसी के बीज और अखरोट खाने से स्किन में नमी बनी रहती है, जिससे सूखापन और पपड़ी जमने की समस्या पास नहीं फटकती.
हेल्दी ऑयल्स:
जैतून का तेल, एवोकाडो और नारियल का तेल खाने या लगाने से त्वचा अंदर से पोषित होती है और चेहरे पर एक अलग ही चमक आती है.
डेली रूटीन में क्या बदलें?
- सुबह उठकर गुनगुने पानी में थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर पिएं.
- रोज रात को 7 से 8 घंटे की गहरी नींद बेहद जरूरी है.
- रोजाना थोड़ा समय निकालकर योग या अनुलोम विलोम करें.
इसे भी पढ़ें: एक कटोरी पालक से भी ज्यादा आयरन है इन बीजों में, न्यूट्रिशनिस्ट से जानें खाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं