अगर आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं और हर बार वही पुरानी मिठाइयां खाकर बोर हो चुके हैं, तो आज हम आपके लिए कुछ एकदम नई और हटकर मिठाई की रेसिपी लेकर आए हैं. कॉफी से बनी ठंडी-ठंडी, रसीली मिठाई जिसे बच्चे हो या बड़े, सब मांग-मांग कर खाएंगे. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. सबसे अच्छी बात ये कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार से कोई महंगा सामान जैसे मावा, काजू-बादाम या चाशनी लाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. यह घर में रखी सूजी, दूध और कॉफी से बेहद आसानी से कढ़ाई में ही बनकर तैयार हो जाती है.
अगर आप भी गर्मियों में क्विक और टेस्टी स्वीट्स खाना चाहते हैं, तो कॉफी से बनी इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल (@Eat Yammiecious) पर शेयर किया गया है. तो चलिए बिना किसी देरी के जानते हैं इसे बनाने का तरीका.

कॉफी से बनाएं स्वादिष्ट मिठाई. (Image NDTV)
कैसे बनाएं कॉफी से ठंडी-ठंडी मिठाई- (How To Make Coffee Mithai)
सामग्री-
- कॉफी
- दूध - 1 लीटर
- चीनी - 1/2 कप
- मिल्क पाउडर - 1/4 कप
- इंस्टेंट कॉफी पाउडर - 1 छोटा चम्मच
सूजी का बेस के लिए:
- सूजी - 1/2 कप
- चीनी - 3 बड़े चम्मच
- मिल्क पाउडर - 2 बड़े चम्मच
- फ्रेश दही - 1/4 कप
- तेल या घी - 1.5 (डेढ़) बड़ा चम्मच
- बेकिंग पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- बेकिंग सोडा - 1/4 छोटा चम्मच
- दूध - जरूरत के अनुसार
विधि-
- इस मिठाई को बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में 1 छोटा चम्मच इंस्टेंट कॉफी पाउडर लें और उसमें 2-3 चम्मच गर्म पानी डालकर अच्छे से घोल लें.
- अब एक मिक्सी का जार लें, उसमें आधा कप सूजी, 3 चम्मच चीनी और 2 चम्मच मिल्क पाउडर डालकर अच्छे से पीसकर बारीक पाउडर बना लें.
- एक बड़े बर्तन में 1/4 कप ताजा दही और डेढ़ चम्मच तेल डालें. इसमें पहले से तैयार कॉफी के रस से 2-3 चम्मच डाल दें.
- अब इसे अच्छे से फेंट लें. इसके बाद इसमें पिसी हुई सूजी का पाउडर डालें और थोड़ा सा दूध मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें.
- इस बैटर को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.
- अब एक कढ़ाई में आधा कप चीनी फैलाकर धीमी आंच पर रख दें. बिना चम्मच चलाए चीनी को पिघलने दें.
- जब चीनी पिघलकर शहद जैसी सुनहरी हो जाए, तो उसमें सावधानी से 1/4 कप पानी डालकर मिलाएं.
- अब इसमें 1 लीटर कच्चा दूध और 1/4 कप मिल्क पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें.
- जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच मध्यम करके इसे 10-12 मिनट तक पकने दें.
- आखिर में बचा हुआ कॉफी का बैटर इसमें मिलाएं और गैस बंद करके इसे पूरी तरह ठंडा होने के लिए रख दें.
- 15 मिनट बाद सूजी के बैटर को देखें, अगर वह गाढ़ा हो गया हो तो थोड़ा दूध मिलाकर नॉर्मल कर लें.
- अब इसमें 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर और 1/4 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथ से मिक्स करें.
- कुछ छोटी स्टील की कटोरियों में थोड़ा सा तेल लगाएं और सूखा आटा या मैदा छिड़ककर एक्स्ट्रा आटा निकाल दें.
- इन कटोरियों में बैटर को आधा-आधा भरें, अब कढ़ाई में थोड़ा नमक बिछाकर, एक स्टैंड रखें और थाली रखकर 10 मिनट गरम कर लें.
- इस थाली पर कटोरियों को रखें और ढककर धीमी आंच पर लगभग 30 मिनट के लिए पकने दें.
- 30 मिनट बाद चाकू डालकर चेक करें, अगर चाकू साफ बाहर आए तो गैस बंद कर दें.
- जब ये सूजी-कॉफी के कप केक ठंडे हो जाएं, तो इन्हें कटोरी से बाहर निकाल लें.
- अब एक गहरी प्लेट या बाउल में इन्हें रखें और ऊपर से तैयार किया हुआ ठंडी-ठंडी कॉफी का रस अच्छी मात्रा में डाल दें.
- सूजी का बेस इस रस को अच्छे से सोख लेगा और यह एकदम रसीली, सॉफ्ट मिठाई बन जाएगी.
- इसे थोड़ी देर फ्रिज में रखकर ठंडा-ठंडा सर्व करें.
कुकिंग टिप्स-
- इस रेसिपी के लिए हमेशा ताजा और नॉर्मल दही का ही इस्तेमाल करें. खट्टी या बहुत दिनों की बासी दही से मिठाई का स्वाद बिगड़ सकता है.
- चीनी को कैरेमलाइज करते समय आंच को बिल्कुल धीमा रखें. चीनी ज्यादा डार्क या जलनी नहीं चाहिए, वरना कॉफी के रस में कड़वापन आ जाएगा.
- बेकिंग पाउडर और सोडा तभी डालें जब आपकी कढ़ाई गरम हो चुकी हो और आप कटोरियों को तुरंत बेक करने के लिए रखने वाले हों.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: ओट्स की 4 आसान रेसिपी जिन्हें आप सिर्फ़ 5 मिनट में बना सकते हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं