Milk Powder Barfi Recipe: अगर आपका मीठा खाने का मन हो और रसोई में ज्यादा समय बिताने का मौका न हो, तो मिल्क पाउडर बर्फी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो आपको मावा चाहिए और न ही लंबी तैयारी. घर में मौजूद कुछ सामान्य सामग्री से यह मिठाई कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है. इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि मेहमान भी इसे बाजार से खरीदी हुई मिठाई समझ सकते हैं. अगर आप किसी खास मौके, त्योहार या अचानक आए मेहमानों के लिए झटपट मिठाई बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें.
मिल्क पाउडर बर्फी बनाने के लिए क्या चाहिए? (Ingredients For Making Milk Powder Barfi)
- 2 कप मिल्क पाउडर
- 1/2 कप दूध
- 1/4 कप घी
- 1/2 कप चीनी
- 1/2 छोटी चम्मच इलायची पाउडर
- कटे हुए पिस्ता और बादाम सजाने के लिए
कैसे बनाएं मिल्क पाउडर बर्फी? (How To Make Milk Powder Barfi)
- सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें. अब इसमें दूध और चीनी डालकर धीमी आंच पर चलाते हुए चीनी घुलने दें.
- जब चीनी पूरी तरह घुल जाए, तब इसमें मिल्क पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न बनें.
- कुछ ही मिनट में मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा. अब इसमें इलायची पाउडर मिलाएं और तब तक चलाएं जब तक मिश्रण पैन छोड़ने न लगे.
- एक प्लेट या ट्रे को हल्का घी लगाकर चिकना कर लें. तैयार मिश्रण को इसमें फैलाकर बराबर कर दें.
- ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर हल्के हाथ से दबाएं.
- करीब 20 से 30 मिनट तक इसे ठंडा होने दें. सेट होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें.
अगर आप बर्फी को और रिच बनाना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा सा केसर या गुलाब जल भी मिला सकते हैं. यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और इसके लिए महंगी सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती.
यह भी पढ़ें- Muskmelon Sharbat Recipe: चिलचिलाती गर्मी में शरीर को रखेगा ठंडा, मिनटों में बनाएं खरबूजे का शरबत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं