नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है. व्रत के दिनों में हम अक्सर एनर्जी बनाए रखने के लिए बार-बार चाय या कॉफी का कप उठा लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा कैफीन आपके व्रत के दौरान एसिडिटी या पेट की गड़बड़ी बढ़ा सकता है? ऐसे में अगर आप कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो पेट को ठंडा रखे, स्वाद में जबरदस्त हो तो यह आर्टिकल सिर्फ आपके लिए है. शेफ संजीव कपूर ने अपने व्रत स्पेशल मेनू में एक ऐसी ड्रिंक शेयर की है, जो मिनटों में बनती है और पीने के बाद मज़ा आ जाता है. इस ड्रिंक का नाम है हरियाली छाछ. यह न सिर्फ सेहतमंद है, बल्कि इसकी ताजगी आपको पूरे दिन एनर्जेटिक रखेगी. आइए जानते हैं इसे बनाने की बहुत ही आसान सी रेसिपी.
हरियाली छाछ बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
- फ्रेश धनिया की पत्तियां- 8 से 10 टहनियां
- दही- 1 कप
- हरी मिर्च- 2 (डंठल हटाई हुई)
- अदरक- आधा इंच (बारीक कटा हुआ)
- सेंधा नमक- स्वादानुसार
- भुना जीरा पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- पानी- 1 कप
- बर्फ के टुकड़े- 6 से 8
विधि-
- सबसे पहले मिक्सी के जार में 1 कप दही डालें. अब इसमें हरी मिर्च, फ्रेश हरा धनिया, अदरक, सेंधा नमक और आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर डाल दें.
- इन सभी चीजों को मिक्सी में तब तक चलाएं जब तक यह एकदम स्मूथ पेस्ट या बैटर न बन जाए.
- अब इस मिश्रण को एक बड़े बर्तन या बाउल में निकाल लें.
- इसके बाद इसमें 1 कप ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े मिलाएं. इसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि छाछ और मसाले आपस में बढ़िया तरीके से घुल-मिल जाएं.
-
- आपकी ठंडी-ठंडी हरियाली छाछ तैयार है. अब इसे कांच के गिलासों में निकालें, ऊपर से थोड़ा सा भुना हुआ जीरा पाउडर छिड़कें और मजे लें.
हरियाली छाछ पीने के फायदे-
- दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.
- व्रत के दौरान शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए छाछ एक अच्छा ऑप्शन मानी जाती है.
- भुना जीरा और अदरक पेट में भारीपन व गैस की समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं.
कब पिएं हरियाली छाछ?
- दोपहर के समय या फलाहार के साथ.
- लंबे समय तक भूखे रहने के बाद पेट को हल्का रखने के लिए.
ये भी पढ़ें- रागी, बाजरा या ज्वार? बदलते मौसम में कौन सी रोटी खाना सेहत के लिए है सबसे बेस्ट, जानिए एक्सपर्ट की राय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं