किसी भी पार्टी की शान है पुलाव. अक्सर घर पर पुलाव तो बनता ही रहता है, लेकिन अगर वही पुराने पुलाव से बोर हो गए हैं, तो आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक खास रेसिपी. शेफ संजीव कपूर ने हाल ही में रॉयल काजू मोती पुलाव बनाने का एक बेहद आसान तरीका शेयर किया है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है, बस कुछ चुनिंदा चीजों के साथ ही आप घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पा सकते हैं.
इस रेसिपी को रॉयल बनाता है इसमें इस्तेमाल होने वाले मोती. जी हां, शेफ संजीव कपूर ने पनीर का इस्तेमाल करके ये मोती बनाए हैं. पनीर को अच्छे से मैश या कद्दूकस करके, उसमें नमक और थोड़ा सा कॉर्न स्टार्च मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां तैयार की जाती हैं. इन्हें सुनहरा होने तक फ्राई किया जाता है. ये पनीर के फ्राइड बॉल्स पुलाव को एक रिच लुक और बेहतरीन स्वाद देते हैं.
कैसे बनाएं यह रॉयल मोती पुलाव- (How To Make Royal Kaju Moti Pulao)
- चावल का चुनाव- सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के बासमती चावल लें और उन्हें आधा घंटा पहले भिगोकर जरूर रखें.
- तड़का- एक पैन में घी गर्म करें और उसमें जीरा, बड़ी इलायची, लौंग और काली मिर्च डालें. इसमें काजू डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
- कलर और कुकिंग- पुलाव में एक सुंदर पीला रंग देने के लिए हल्दी का इस्तेमाल करें. अब इसमें भीगे हुए बासमती चावल डालें और साथ ही पानी और दूध का मिश्रण डालें. दूध डालने से पुलाव का स्वाद और टेक्सचर काफी बढ़ जाता है.
- फिनिशिंग टच- नमक स्वाद अनुसार डालें और इसे धीमी आंच पर पकने दें. जब चावल पानी पूरी तरह सोख लें, तो गैस बंद कर दें और इसे 10-15 मिनट तक ढका रहने दें. सर्व करते समय ऊपर से तैयार किए गए पनीर के मोती और फ्राइड काजू डालें.
प्रो टिप-
शेफ संजीव कपूर बताते हैं कि पुलाव बनाने के बाद उसे तुरंत न खोलें, बल्कि थोड़ी देर भाप में रहने दें. इससे चावल खिले-खिले और नरम बनते हैं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: सिर्फ एक कटोरी बेसन से डिनर में बनाएं टेस्टी सब्ज़ी, फटाफट नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं