मानसून यानि की सुहाने दिन, गर्मी से राहत और किचन में बनने वाली टेस्टी डिश जो बारिश के दिन को और मजेदार और खुशनुमा बना देती है. लेकिन इसी के साथ इस मौसम में एक परेशानी जिसका सामना लोगों को अक्सर करना पड़ता है और वो है सीलन. सीलन की वजह से किचन में रखे कई समान खराब हो जाते हैं.
आज हम बात कर रहे हैं बिस्कुट की, जो खुलते ही सील जाता है. कई बार तो पैकिंग सही ना होने की वजह से ही बिस्कुट नम हो जाते हैं जो खाने में बिल्कुल अच्छे नहीं लगते हैं. इनका स्वाद और बनावट बदल जाती है. दुख तो तब सबसे ज्यादा होता है जब इनकी एक्सपायरी भी ना हो इसके बावजूद इनको फेंकना पड़े.
अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है कि आपके बिस्कुट का पूरा पैकेट सील गया है तो अब आपको इसे फेंकने की जरूरत नहीं है. बल्कि आप इससे एक टेस्टी सी डिश बनाकर तैयार कर सकते हैं. जो आपके घर में सभी को पसंद आएगी. तो चलिए जानते हैं बिस्कुट पुडिंग बनाने का तरीका.
बिस्कुट पुड़िंग के लिए सामग्री
- बिस्कुट
- अंडे (2-3)
- गर्म दूध (1कप)
- चीनी
- इलायची
- पानी
रेसिपी
पुडिंग बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में बिस्कुट, अंडे और दूध डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें. दूध गर्म ही लेना है, ऐसा करने से बिस्कुट दूध में अच्छी तरह से मिक्स हो जाते हैं.
अब एक मिक्सी के जार में चीनी और इलायची के साथ बिस्कुट वाले बैटर को डालकर अच्छे से ग्राइंड कर लें. अब आपको कैरामल तैयार करना है. इसके लिए एक नॉनस्टिक पैन पर चीनी डालकर कैरामल तैयार करें.
अब जिस बर्तन में आपको इस बेक करना है, उसे घी लगाकर अच्छे से ग्रीस कर लें. अब इसमें तैयार कैरामल डालें और अब तैयार बैटर को छन्नी की मदद से छानकर बेकिंग बाउल में डालें. ( नोट- बैटर को छन्नी से छानकर ही डालें ताकि उसमें किसी तरह की गांठ ना रह जाए)
अब बेकिंग बाउल को एल्युमिनियम फॉयल से अच्छी तरह से रैप कर दें. एख गहरे पतीले में पानी भरें और उस पर स्टैंड रख कर बेकिंग बाउल को उसके ऊपर रख दें. पतीले को ऊपर से कवर करें और 10-20 मिनट के लिए इसे पकाएं.
इसके बाद पतीले को खोलें और एक सींक की मदद से चेंक करें कि ये पक गया है या नहीं. अगर सीक में कुछ नहीं लगता है तो ये पक चुका है. अब इसको सावधानी से बाहर निकालें. एक प्लेट पर रख कर पलट दें. आपका बिस्कुट पुडिंग बनकर तैयार है.
ये भी पढ़ें: भारती सिंह का फेवरेट फूड है असम का पांता भात, जानें इसे बनाने का तरीका और खाने के फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं