कॉमेडी क्वीन भारती सिंह को कौन नहीं जानता, अपनी शानदार कॉमेडी से सबको हंसाने वाली भारती अक्सर अपने खाने-पीने से जुड़े वीडियो शेयर करती रहती हैं. लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि आखिर भारती सिंह का फेवरेट फूड क्या है. भारती ने अपने सोशल मीडिया एक वीडियो शेयर कर बताया था कि उनका फेवरेट फूड असम का पांता भात है. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना.
आपको बता दें कि असम और बंगाल के इलाकों में खाया जाने वाला यह एक बहुत ही सिंपल और पारंपरिक खाना है. यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. खास तौर पर गर्मियों के मौसम में यह पेट को बहुत ठंडक पहुंचाता है.
आखिर क्या है पांता भात?
पांता भात को बिल्कुल आसान भाषा में समझें तो यह फर्मेंटेड राइस यानी खमीर उठा हुआ चावल है. इसे बनाने के लिए पके हुए चावल को रातभर पानी में भिगोकर रख दिया जाता है. रातभर भीगे रहने की वजह से इसमें अच्छे बैक्टीरिया पैदा हो जाते हैं, जो हमारे पेट और पाचन क्रिया के लिए बहुत अच्छे माने जाते हैं. असम और ओडिशा जैसी जगहों पर इसे लोग सुबह के नाश्ते या दोपहर के लंच में खाते हैं.
कैसे बनाएं पांता भात-
स्टेप 1- चावल को भिगोना-
सबसे पहले आप पके हुए चावल को एक मिट्टी के बर्तन या किसी भी नॉर्मल कटोरे में डालें. अब इसमें इतना पानी डालें कि चावल पूरी तरह से डूब जाए. इस कटोरे को ढककर रातभर के लिए कमरे के तापमान पर छोड़ दें.
स्टेप 2- सुबह की तैयारी
सुबह तक चावल में हल्का सा खट्टापन आ जाएगा और यह पूरी तरह तैयार हो जाएगा. ध्यान रहे कि सुबह इस पानी को फेंकना नहीं है, बल्कि पानी के साथ ही इसे सर्व किया जाता है.
स्टेप 3- तड़का और फ्लेवर
अब इस भीगे हुए चावल में स्वाद के अनुसार नमक डालें. इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और एक चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालें. सरसों के तेल से इसमें एक बहुत ही बढ़िया और ट्रेडिशनल देसी फ्लेवर आता है.
स्टेप 4- सर्व करें
सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें. लीजिए, आपका असमिया स्टाइल पांता भात बिल्कुल तैयार है.
पांता भात को और ज्यादा टेस्टी बनाने के लिए आप इसके साथ आलू चोखा (मसला हुआ आलू) या फिर आम का अचार भी खा सकते हैं.
पांता भात खाने के फायदे-
- गर्मियों के दिनों में इसे खाने से शरीर का तापमान सही रहता है और पेट को ठंडक मिलती है.
- इसे खाने के बाद शरीर दिनभर एक्टिव और तरोताजा महसूस करता है.
- यह पचाने में बहुत आसान होता है और इससे पेट काफी देर तक भरा रहता है, जिससे फालतू चीजें खाने और वजन को घटाने में मदद मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- हड्डियों का ढांचा नहीं, अब दिखेंगे फिट! सुबह खाली पेट दूध के साथ मिलाकर पी लें ये ड्रिंक, तेजी से बढ़ेगा वजन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं