अक्सर इंटरनेट पर यह दावा किया जाता है कि अगर घर में दही या पुराना जामन न हो, तो भी आप आसानी से गाढ़ी दही जमा सकते हैं. इसके लिए डंठल वाली मिर्च, नींबू या चांदी के सिक्के का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है, लेकिन क्या ये तरीके सच में काम करते हैं? कई लोग बिना सोचे-समझे ज्यादा दूध में ये नुस्खे आजमा लेते हैं और दूध बर्बाद हो जाता है. इसलिए, किसी भी इंटरनेट हैक को आजमाने से पहले उसका सच जानना बेहद जरूरी है.
@CuminCurry ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस हैक से जुड़ा वीडियो शेयर किया है.
ये देखिए वीडियो...
सामग्री:
- हल्का गरम दूध (4 छोटे बर्तनों में)
- डंठल वाली ताजा हरी मिर्च (1)
- डंठल वाली सूखी लाल मिर्च (1)
- चांदी का एक सिक्का (1)
- ताजा नींबू का रस (कुछ बूंदें)
बनाने की विधि:
- चार अलग-अलग कांच के गिलास या कटोरियों में थोड़ा-थोड़ा गुनगुना दूध लें. ध्यान रखें कि दूध बहुत ज्यादा गर्म न हो.
- पहले बर्तन में हरी मिर्च डालें और सुनिश्चित करें कि उसकी डंठल दूध में अच्छी तरह डूबी रहे.
- दूसरे बर्तन में लाल मिर्च को भी डंठल समेत डुबो दें.
- तीसरे बर्तन में साफ किया हुआ चांदी का सिक्का डालें.
- चौथे बर्तन में नींबू के रस की कुछ बूंदें मिलाकर चला दें.
- सभी बर्तनों को ढककर किसी सुरक्षित जगह पर 12 से 15 घंटे के लिए छोड़ दें.
- इतना लंबा समय बीतने के बाद जब आप इन्हें चेक करेंगे, तो नतीजे आपको चौंका देंगे.
- सूखी लाल मिर्च और हरी मिर्च वाले दूध में हल्का गाढ़ापन तो दिखेगा, लेकिन उससे सड़ने जैसी अजीब बदबू आने लगेगी.
- दूध फटने की जगह पूरी तरह खराब हो चुका होगा.
- चांदी के सिक्के वाले दूध का हाल भी ऐसा ही रहता है, उसमें से भी बदबू आने लगती है और दही नहीं जमता. यानी मिर्च और सिक्के वाले तीनों तरीके पूरी तरह बेकार साबित होते हैं.
- केवल नींबू के रस वाला तरीका ही थोड़ा असर दिखाता है.
- इसमें से कोई खराब गंध नहीं आती और दूध जम जाता है.
- हालांकि, जब इस जमे हुए मिश्रण को जामन की तरह इस्तेमाल करके दोबारा नए गुनगुने दूध में डाला जाता है, तो 5-6 घंटे में दही तो जम जाती है, लेकिन उसका स्वाद असली दही जैसा खट्टा और प्राकृतिक नहीं होता.
क्या निकला रिजल्ट?
मिर्च या सिक्के से दही जमाने की कोशिश में कभी भी ढेर सारा दूध बर्बाद न करें. अगर जामन न हो तो सिर्फ नींबू का तरीका ही हल्का-फुल्का काम चला सकता है.
इसे भी पढ़ें: गणेश चतुर्थी पर बनाएं इंस्टेंट मोदक, सिर्फ 10 मिनट में बनकर हो जाएगी तैयार, वीडियो में देखें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं