सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में हरी-भरी सब्जियां दिखाई देने लगती हैं. और उन्हीं में से एक है बथुआ, जिसे स्वाद और सेहत से भरपूर माना जाता है. इसे कई तरह से डाइट में शामिल किया जा सकता है. बथुए के पराठे, बथुए का साग, बथए का रायता. बथुआ का रायता न सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाने बल्कि, शरीर को कई लाभ पहुंचाने में भी मददगार है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
कैसे बनाएं बथुआ का रायता-
सामग्री-
- 2 कप ताजा बथुआ
- 2 कप दही
- ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- ¼ छोटा चम्मच काला नमक
- स्वादानुसार साधारण नमक
- ¼ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- बारीक कटी हरी मिर्च
- हरा धनिया गार्निश के लिए

विधि-
- सबसे पहले बथुए की पत्तियों को अच्छी तरह साफ कर लें. फिर इन्हें 2-3 बार साफ पानी से धोकर मिट्टी और धूल हटा दें. साफ पत्तियां रायते का स्वाद और गुणवत्ता दोनों बढ़ाती हैं.
- एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें बथुआ डालकर 5-7 मिनट तक उबालें. जब पत्तियां नरम हो जाएं तो उन्हें निकालकर ठंडा होने दें. इसके बाद एक्स्ट्रा पानी निकाल लें.
- ठंडा होने पर बथुए को मिक्सर में हल्का सा पीस लें या चाकू से बारीक काट लें. बहुत ज्यादा पेस्ट बनाने की जरूरत नहीं है. थोड़ा दरदरा बथुआ रायते में अच्छा टेक्सचर देता है.
- एक बड़े बाउल में दही लेकर उसे अच्छी तरह फेंट लें. दही जितना स्मूद होगा, रायता उतना ही स्वादिष्ट बनेगा. यदि दही ज्यादा गाढ़ा हो तो उसमें थोड़ा ठंडा पानी मिला सकते हैं.
- फेंटे हुए दही में उबला हुआ बथुआ डालें. अब उसमें भुना जीरा पाउडर, काला नमक, साधारण नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. चाहें तो हल्का तीखापन देने के लिए बारीक कटी हरी मिर्च भी डाल सकते हैं.
- तैयार रायते को 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने के बाद ऊपर से थोड़ा भुना जीरा और हरा धनिया डालकर सर्व करें.
बथुआ रायता खाने के फायदे-
बथुआ सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाली हरी सब्जी नहीं है, बल्कि पोषक तत्वों का भी अच्छा सोर्स है. क्योंकि इसमें आयरन, कैल्शियम, फाइबर, विटामिन ए और विटामिन सी जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पाचन को बेहतर रखने, इम्यूनिटी को मजबूत बनाने और हड्डियों को मजबूत रखने में मददगार है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: कश्मीरी दम आलू बनाने की सीक्रेट ट्रिक, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं