बोतल में बिक रहे पीने के पानी को लेकर अब जांच तेज हो गई है. फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) देशभर में बोतलबंद पीने के पानी के सैंपल इकट्ठे कर रहा है और इनकी गुणवत्ता जांच के नतीजे आने में एक से दो महीने लग सकते हैं. FSSAI के सीईओ रजित पुनहानी ने बुधवार को यह जानकारी दी.
पुनहानी ने कहा कि जांच और कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, न कि लोगों में घबराहट पैदा करना.
देश बड़ा है, इसलिए लगेगा समय
पुनहानी ने कहा कि खाद्य नियामक देशभर में बोतलबंद पेयजल के नमूनों की जांच कर रहा है. देश बड़ा होने के कारण यह प्रक्रिया पूरी होने में कम से कम एक-दो महीने लग जाएंगे.
उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में FSSAI ने दूध और डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, ऊर्जा पेय और मीठे पेय सहित कई खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच और उन पर कार्रवाई की है. बोतलबंद पानी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है.
यह भी पढ़ें | बिसलेरी का पानी भी 'अनसेफ', जांच में मिले खतरनाक केमिकल; FSSAI ने दूसरी कंपनियों पर भी लिया एक्शन
बिसलेरी का सैंपल फेल होने के बाद तेज हुई कार्रवाई
FSSAI ने यह कार्रवाई बिसलेरी इंटरनेशनल के बोतलबंद पानी का एक नमूना जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद तेज की है. FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की भी मंजूरी दी है.
FSSAI के अनुसार, बिसलेरी के परिसर से लिए गए नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी. कंपनी की अपील पर नमूने को संदर्भ खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया, जहां उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) भी पाए गए और नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया.
हालांकि, बिसलेरी ने सोमवार को अपने पानी को सुरक्षित बताते हुए कहा था कि वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी.
कंपनियों को सख्त हिदायत
पुनहानी ने खाद्य कंपनियों से FSSAI के नियमों का पूरी तरह पालन करने और उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपनी आंतरिक जांच व्यवस्था बनाने को कहा. उन्होंने खाद्य उत्पादों के लेबल और विज्ञापनों में भ्रामक दावों से बचने की भी सलाह दी.
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण जल्द ही खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री का भी निरीक्षण शुरू करेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं