दिवाली का त्योहार आते ही घरों में मेहमानों की रौनक बढ़ जाती है और खाने की मेज पर कुछ खास परोसने की तैयारी शुरू हो जाती है. अगर इस बार आप मेहमानों को शाही पनीर या मटर पनीर से हटकर कुछ नया ट्राई खिलाना चाहते हैं, तो सेलिब्रिटी शेफ और मशहूर फूड क्रिएटर रणवीर बरार की अफगानी पनीर रेसिपी आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकती है. मलाईदार ग्रेवी, हल्के मसालों और पनीर के शानदार स्वाद से भरपूर ये डिश दिवाली की पूड़ियो, नान या तंदूरी रोटी के साथ काफी अच्छी लगती है.
रणवीर बरार ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस रेसिपी को शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने अपने व्यूअर्स से अफगानी चिकन के बाद अफगानी पनीर की रेसिपी दिखाने का वादा किया था, जिसे अब उन्होंने पूरा कर दिया है. इस डिश में मसालों का इस्तेमाल कम होता है, लेकिन स्वाद काफी रिच और रेस्तरां जैसा मिलता है. आइए जानते हैं इस रेसिपी के बारे में-
वीडियो में पूरी रेसिपी देखें...
अफगानी पनीर बनाने के लिए सामग्री
पनीर मेरिनेशन के लिए
क्यूब्स में कटा हुआ पनीर - 500 ग्राम
तेल - 1 बड़ा चम्मच
कुटी हुई काली मिर्च - 1 छोटा चम्मच
हींग - चुटकीभर
अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 छोटा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
ग्रेवी के लिए
सफेद प्याज - 2 बड़े
अदरक - 1 इंच
लहसुन की कलियां - 5-6
हरी मिर्च - 2-3
थोड़ा हरा धनिया
तेल - 2 बड़े चम्मच
नमक - स्वादानुसार
दही - 2 बड़े चम्मच
सूखे मसाले
धनिया पाउडर - 1 बड़ा चम्मच
हल्दी - आधा छोटा चम्मच
गरम मसाला - 1 छोटा चम्मच
जीरा पाउडर - आधा छोटा चम्मच
कैसे बनाएं अफगानी पनीर
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, हरा धनिया और प्याज डालकर हल्का भून लें. रणवीर बरार के मुताबिक इन चीजों को ज्यादा सुनहरा नहीं करना है, बल्कि केवल इनका कच्चापन खत्म करना है. इसमें नमक और थोड़ा दही मिलाकर मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर बारीक पेस्ट तैयार कर लें. अब एक बर्तन में दही और सभी सूखे मसालों को मिलाएं. तैयार पेस्ट को इसमें डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
दूसरी तरफ पनीर के टुकड़ों में तेल, काली मिर्च, हींग, अदरक-लहसुन पेस्ट और नमक मिलाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें. रणवीर बरार बताते हैं कि पनीर को घंटों मेरिनेट करने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि इसके अंदर मसाले ज्यादा नहीं जाते.
अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और तैयार मसाले वाला मिश्रण डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. बीच-बीच में चलाते रहें और धैर्य रखें. शेफ के अनुसार इसी स्टेप में ग्रेवी का असली स्वाद और टेक्सचर तैयार होता है. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब जरूरत के मुताबिक थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी की कंसिस्टेंसी सेट कर लें.
इसके बाद मेरिनेट किए हुए पनीर को तेज आंच पर ग्रिल पैन, तवे, ओवन या एयर फ्रायर में हल्का सुनहरा होने तक सेक लें. रणवीर बरार सलाह देते हैं कि इस रेसिपी के लिए थोड़ा सख्त पनीर इस्तेमाल करें, क्योंकि बहुत मुलायम मलाई पनीर ग्रिलिंग के दौरान टूट सकता है. लास्ट में ग्रिल किया हुआ पनीर ग्रेवी में डालें और 2 से 3 मिनट तक पकाकर गैस बंद कर दें.
रणवीर बरार की इस खास टिप को जरूर करें फॉलो
शेफ का कहना है कि ग्रेवी बनाने से पहले प्याज, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को हल्का भूनने का स्टेप बिल्कुल न छोड़ें. उनके मुताबिक यही छोटी-सी ट्रिक अफगानी पनीर के स्वाद में जमीन-आसमान का फर्क ले आती है और ग्रेवी को ज्यादा क्रीमी बनाती है.
इस दिवाली अगर आप मेहमानों को कुछ नया और स्वादिष्ट खिलाना चाहते हैं, तो रणवीर बरार की ये अफगानी पनीर रेसिपी जरूर ट्राई करें. पूड़ी, लच्छा पराठा या तंदूरी रोटी के साथ इसका स्वाद हर किसी को पसंद आएगा.
ये भी पढ़ें - बिना तले बनाएं दही-वड़ा, इस ट्रिक से बनेंगे एकदम सॉफ्ट, चटपटे मसालेदार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं