विज्ञापन

काशी देव दीपावली की रौनक से 40 देशों के मेहमान चकाचौंध, 11 लाख दीप जले तो बोले- ऐसा नजारा नहीं देखा

देव दीपावली पर काशी रोशनी के समंदर में डूब गई है. गंगा घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जा रहे हैं, जबकि पूरे वाराणसी में अब तक करीब 21 लाख दीप जल चुके हैं. दशाश्वमेध, अस्सी समेत प्रमुख घाट दीपों की जगमगाहट से दमक रहे हैं.

काशी देव दीपावली की रौनक से 40 देशों के मेहमान चकाचौंध, 11 लाख दीप जले तो बोले- ऐसा नजारा नहीं देखा
NDTV

वाराणसी की धरती मंगलवार शाम को रोशनी से नहा उठी. गंगा के किनारों पर सजे लाखों दीपों ने ऐसा नज़ारा पेश किया कि मानो पूरी काशी तारों की तरह टिमटिमा रही हो. देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जा रहे हैं, जबकि पूरे वाराणसी में अब तक करीब 21 लाख दीप जलाए जा चुके हैं. दीपों की जगमगाहट, गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी ने इस पर्व को और भी भव्य बना दिया है.

दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट समेत काशी के प्रमुख घाटों पर शाम ढलते ही दीप जलाने का सिलसिला शुरू हुआ और देखते ही देखते पूरा घाट सुनहरी रोशनी में नहा गया. घाटों की सीढ़ियों, मंदिरों और तटों पर सजाए गए दीप श्रद्धा और सौंदर्य का अद्भुत संगम पेश कर रहे हैं. देव दीपावली के अवसर पर काशी की आध्यात्मिक विरासत और भारतीय संस्कृति की अनूठी झलक देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे हैं.

40 देशों से पहुंचे मेहमान

इस बार देव दीपावली को देखने के लिए दुनिया के 40 देशों से मेहमान काशी पहुंचे हैं. प्रशासन के अनुसार करीब 15 लाख पर्यटक इस भव्य आयोजन का हिस्सा बने हैं. घाटों पर गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजन संध्या का आयोजन किया गया है, जिसे देखने और सुनने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है.

काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर नमो घाट और हरिश्चंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गई है. मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहे हैं और पूरा शहर उत्सवी माहौल में डूबा हुआ है. मसान घाट की विशेष सजावट भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और बड़ी संख्या में लोग वहां तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं.

देव दीपावली के मौके पर लेजर शो और ड्रोन शो भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. गंगा तट पर मौजूद हजारों लोग आसमान में बनती आकृतियों और रोशनी के शानदार प्रदर्शन का आनंद ले रहे हैं. वहीं गंगा के उस पार से हो रही आतिशबाजी ने उत्सव में चार चांद लगा दिए हैं. रंग-बिरंगी रोशनी से सजा आसमान और दीपों से जगमगाते घाट एक ऐसा दृश्य पेश कर रहे हैं, जिसे देखने वाले देर तक निहारते रह जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: काशी में सजेगा NDTV Creators Manch का 'जश्न बनारसिया', जानिए दो दिन का पूरा शेड्यूल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dev Deepawali, Kashi Dev Diwali 2025
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com