बारिश का मौसम है ऐसे में शरीर को सेहतमंद रखना बेहद जरूरी है. क्योंकि सेहत के प्रति जरा सी लापरवाही आपकी तबीयत को बिगाड़ सकती है. इसलिए अपने खान-पान खासकर बच्चे और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें. अगर आप भी अपने घर के बच्चों और बुजुर्गों को बीमार होने से बचाना चाहते हैं, तो रोजाना खिलाएं इम्यूनिटी बूस्टर लड्डू. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. क्योंकि आज हम जिस लड्डू की बात कर रहे हैं. उसे ड्राई फ्रूट्स, घी और आटे से तैयार किया जाता है. इसे खासतौर पर पंजाब और उत्तर प्रदेश में बनाया जाता है.
पारंपरिक पंजाबी और उत्तर भारतीय पौष्टिक मिठाई है पिन्नी. इसे मुख्य रूप से गेहूं के आटे, घी, गुड़ और मेवों जैसे बादाम और किशमिश से बनाया जाता है. बारिश के मौसम में इसका सेवन करने से शरीर को कई लाभ मिल सकते हैं.

स्वादिष्ट और सेहतमंद आटे की पिन्नी. (Image NDTV)
कैसे बनाएं आटे की पिन्नी- (How to make Aate ki Pinni)
- पंजाबी स्टाइल की आटे की पिन्नी बनाना बहुत ही आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में घी डालकर गोंद को अच्छी तरह भून लें.
- गोंद को अलग निकाल कर काजू और बादाम को भी उसी घी में भून लीजिए.
- इनको निकाल कर इसी घी में आटे को भी सुनहरा होने तक भून लेना चाहिए.
- अब किसी छोटे पैन में खरबूजे के बीजों को ड्राई रोस्ट कर लीजिए.
- इसके बाद इसी पैन में नारियल का बूरा भी भून लीजिए. अब काजू को छोड़कर सभी सूखे मेवों के बीजों को एक साथ मिक्सी में ब्लैंड कर लीजिए.
- अब देसी घी में भुने हुए आटे में बाकी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर दीजिए.
- इसके बाद इसी मिक्सचर में पिसी हुई चीनी ऐड कीजिए और इलायची पाउडर भी डालिए और अच्छी तरह मिक्स करके हाथों की मदद से छोटे छोटे लड्डू बना लीजिए.
- आप चाहे तो इसमें चीनी की जगह गुड़ पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
पिन्नी खाने के फायदे- (Pinni Khane Ke Fayde)
- इन लड्डूओं में घी और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया गया जिससे ये इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार हैं.
- अगर आप कमजोरी महसूस करते हैं, तो रोजाना एक लड्डू का सेवन कर सकते हैं.
- जिन लोगों की हड्डियों में दर्द रहता है, उनके लिए इन लड्डूओं का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है.
- बारिश में बच्चों और बुजुर्गों के शरीर को अंदर से गर्म रखने के लिए आप उन्हें रोज एक लड्डू दूध के साथ दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: आयरन की कमी ही नहीं, कब्ज की समस्या भी होगी दूर, बस रोज खाएं ये एक लड्डू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं