विज्ञापन

जेल से बाहर लाए जाएंगे इमरान खान, पाकिस्तान के पूर्व PM को अस्पताल ले जाने का सुप्रीम कोर्ट का आदेश

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं. उन्हें कई मामलों में दोषी ठहराया गया है लेकिन पाकिस्तान के पूर्व पीएम का कहना है कि 2022 में सत्ता से हटाए जाने के बाद ये मामले राजनीतिक कारणों से दर्ज किए गए थे.

जेल से बाहर लाए जाएंगे इमरान खान, पाकिस्तान के पूर्व PM को अस्पताल ले जाने का सुप्रीम कोर्ट का आदेश
जेल से बाहर लाए जांगे इमरान खान (फाइल फोटो)
  • पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद इमरान खान को प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने का आदेश दिया
  • इमरान खान को 48 घंटे के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में भर्ती किया जाए और वहां 16 सितंबर तक रखा जाए- कोर्ट
  • सेहत की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड बनाया जाएगा जिसमें उनके प्राइवेट डॉक्टर और बहन डॉ. उजमा खान शामिल होंगी

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है. पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि जेल में बंद इमरान खान को उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किया जाए. यह आदेश उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और परिवार की लंबे समय से चली आ रही मांग के जवाब में आया है. पार्टी और परिवार ने अदियाला जेल से आई इमरान खान की हालिया मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए चिंता जताई थी.

PTI के प्रवक्ता नईम हैदर पंजुथा के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि इमरान खान को 48 घंटे के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट किया जाए और वे 16 सितंबर तक वहीं रहें. अदालत ने इमरान खान और उनके परिवार के सदस्यों के बीच साप्ताहिक मुलाकातों का भी आदेश दिया है. यानी हर हफ्ते मुलाकात हो. आदेश में कहा गया है कि इमरान खान की सेहत की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड बनाया जाएगा, जिसमें PTI नेता के प्राइवेट डॉक्टर और उनकी बहन डॉ. उजमा खान शामिल होंगी.

अदालत ने साथ ही इमरान खान के वकीलों और उनके परिवार को निर्देश दिया है कि वे उनकी मेडिकल रिपोर्ट मीडिया के साथ शेयर न करें और न ही इस मुद्दे का राजनीतिकरण करें.

73 साल के क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं. उन्हें कई मामलों में दोषी ठहराया गया है. लेकिन उनके मुताबिक 2022 में सत्ता से हटाए जाने के बाद ये मामले राजनीतिक कारणों से दर्ज किए गए थे.

इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता

पिछले साल से ही इमरान खान के बेटे उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर बार-बार चिंता जता रहे हैं. उनके वकीलों का कहना है कि जेल में रहने के दौरान उनकी दाहिनी आंख की रोशनी काफी कम हो गई है. दूसरे लोग भी चिंता जता रहे हैं, जिनमें पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी भी शामिल हैं. उन्होंने दावा किया है कि इमरान खान की सेहत खराब हुई है. अल्वी के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री की मेडिकल रिपोर्ट चिंताजनक थीं, जिनमें उनकी एंग्जायटी (बेचैनी), दिल की धड़कन तेज होने और हाई ब्लड प्रेशर को लेकर चिंता जताई गई थी.

X पर एक पोस्ट में अल्वी ने कहा कि उन्होंने इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट देखी हैं और उन्हें वे "चिंताजनक" लगीं.

उन्होंने लिखा, "मैंने कई विशेषज्ञों के साथ इन रिपोर्टों को देखा है और मैं यह बात आसान भाषा में लिख रहा हूं ताकि हर पाकिस्तानी ठीक से समझ सके कि असल में क्या हो रहा है." उन्होंने आगे कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा चिंता इमरान खान के एंग्जायटी और स्ट्रेस लेवल, दिल की धड़कन तेज होने और हाई ब्लड प्रेशर को लेकर है. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में नींद न आने का जिक्र नहीं था, लेकिन उन्हें दी जा रही दवाओं से इसका संकेत मिलता है.

उन्होंने कहा, "मैं इमरान खान को 35 साल से ज्यादा समय से जानता हूं. तनाव कभी उनकी कमजोरी नहीं रहा. अब तनाव का चरम स्तर पर होना यह बताता है कि तीन साल की जेल और पूरी तरह अकेले रखे जाने का उन पर क्या असर पड़ा है."

यह भी पढ़ें: इमरान खान की नई हेल्थ रिपोर्ट पर उठ रहे कई सवाल, आखिर सच क्या है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Imran Khan, Imran Khan Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com