IPS अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनते ही पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं. 17 जुलाई 2026 को पदभार संभालते ही उन्होंने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन समेत सुरक्षा और आंतरिक सुधार से जुड़े कई अहम टारगेट सेट किए गए. इस बैठक का असर अगली ही सुबह यानी 18 जुलाई को देखने को भी मिल गया.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हाईकोर्ट के आदेश और नए पुलिस मुखिया के निर्देश के बाद, एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत सफदरजंग अस्पताल पहुंचा दिया गया है.

IPS Anurag Kumar Delhi Police Commissioner Photo Credit: IANS
दिल्ली पुलिस कमिश्नर आईपीएस अनुराग बोले-करप्शन कतई मंजूर नहीं
सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनने के बाद अपनी पहली ही महत्वपूर्ण बैठक में बेहद कड़े शब्दों में संदेश दे दिया है कि उनके कार्यकाल में "दिल्ली पुलिस का करप्शन फ्री रहना बेहद जरूरी है."

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे थे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक. Photo Credit: PTI
जंतर-मंतर पर ऐसे हुआ 'साइलेंट ऑपरेशन'
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से बिना किसी हंगामे या टकराव के बेहद शांतिपूर्ण तरीके से हटाया जाए. हुआ भी ऐसा ही; शनिवार सुबह-सुबह दिल्ली पुलिस के 30-35 जवान सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में जंतर-मंतर धरना स्थल पर पहुंचे. कार्रवाई के दौरान अनावश्यक भीड़ या अफरा-तफरी न हो और कैमरे में तस्वीरें कैद न हों, इसके लिए पूरे मंच को सफेद चादरों से ढक दिया गया. इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें मंच से उठाकर सुरक्षित बाहर ले आए.
दिल्ली पुलिस कमिश्नर के सामने मुख्य चुनौतियां
IPS अनुराग कुमार के सामने बतौर दिल्ली पुलिस चीफ कई बड़ी चुनौतियां हैं. संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा. इसके तुरंत बाद स्वतंत्रता दिवस जैसा बड़ा समारोह आएगा. ये दोनों ही उनके लिए पहले बड़े इम्तिहान हैं. इसके अलावा दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा, ट्रैफिक जाम से निजात, साइबर क्राइम और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाना, आतंकवाद विरोधी तैयारियों को मजबूत करना और राजधानी में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखना भी चुनौतियों में शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार: 20 साल का 'वनवास', वापसी के 24 घंटे में बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर, 2 घंटे में संभाली कमान

IPS Anurag Kumar Delhi Police Commissioner: बैठक में अफसरों से बोले-दिल्ली पुलिस का इकबाल बना रहना चाहिए. Photo Credit: IANS
IPS अनुराग कुमार कौन हैं?
- IPS अधिकारी अनुराग कुमार का जन्म 23 जून 1971 को हुआ था. साल 2026 में आईपीएस अनुराग कुमार की उम्र 55 साल है. वे मूल रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. 17 जुलाई 2026 को उन्हें दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जहां उन्होंने कमिश्नर सतीश गोलछा का स्थान लिया.
- गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वरिष्ठ IPS अधिकारी अनुराग कुमार कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे. वहीं, सतीश गोलछा को नई तैनाती मिलने तक उपराज्यपाल कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं.
- अनुराग कुमार के पास बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री है. वे AGMUT कैडर के 1994 बैच के IPS अधिकारी हैं, जिन्होंने 4 सितंबर 1994 को सेवा ज्वाइन की थी. बेहतरीन पुलिसिंग और प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें PMMS-2010 और PPMDS-2016 जैसे प्रतिष्ठित पुलिस पदकों से भी नवाजा जा चुका है.
- उनके पास राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी अभियानों और संवेदनशील खुफिया मामलों में तीन दशक (30 वर्ष) से अधिक का लंबा अनुभव है, इसी वजह से उन्हें देश की राजधानी की कमान सौंपी गई है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनने से पहले वे इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे. वे करीब 20 साल पहले दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में डीसीपी भी रह चुके हैं.
ये भी पढ़ें: खुफिया एजेंसी के पूर्व बॉस अब दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, जानें कौन हैं बुंदेलखंड के रहने वाले IPS अनुराग कुमार?

IPS Anurag Kumar Delhi Police Commissioner: अनुराग कुमार ने आदेश के दो घंटे बाद ही सतीश गोलछा से चार्ज लिया. Photo Credit: IANS
सोनम वांगचुक क्यों दे रहे थे धरना?
बता दें कि देश में नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ सोनम वांगचुक और कई अन्य लोग पिछले 20 दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे. अनशन के कारण वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी. शनिवार को आंदोलन के 21वें दिन उन्हें धरना स्थल से हटाकर अस्पताल ले जाया गया.
उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक एक प्रसिद्ध भारतीय इंजीनियर, एक्टिविस्ट, इनोवेटर, शिक्षा सुधारक और पर्यावरणविद् हैं. वे 'स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख' के संस्थापक-निदेशक भी हैं. आमिर खान की मशहूर फिल्म '3 इडियट्स' का 'रैंचो' (फुंसुक वांगडू) का किरदार काफी हद तक सोनम वांगचुक से ही प्रेरित माना जाता रहा है.
हालांकि, इस बीच आमिर खान ने 'लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल' में बात करते हुए स्पष्ट किया कि साल 2009 की ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' बनाते समय न तो उन्हें और न ही फिल्म के लेखकों को सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी थी.
यह भी पढे़ं - सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई पुलिस, अभिजीत दीपके का दावा- पुलिस ने पीटा, हिरासत में लिया
यह भी पढ़ें - सोनम वांगचुक की पत्नी बोलीं- कल वह बिल्कुल ठीक थे, मेरी सहमति के बिना कोई इलाज नहीं होना चाहिए
यह भी पढे़ं - सिविल ड्रेस में जवान, चादरों से ढका मंच... जंतर-मंतर से कैसे उठाए गए सोनम वांगचुक, तस्वीरों में पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं