विज्ञापन

IPS अनुराग कुमार: 20 साल का 'वनवास', वापसी के 24 घंटे में बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर, 2 घंटे में संभाली कमान

दिल्ली पुलिस को मिला नया 'कप्तान'! 20 साल के लंबे डेपुटेशन के बाद यूटी कैडर में लौटे 1994 बैच के IPS अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर. जानिए 24 से 48 घंटे में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल और नए बॉस की पूरी इनसाइड स्टोरी. 

IPS अनुराग कुमार: 20 साल का 'वनवास', वापसी के 24 घंटे में बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर, 2 घंटे में संभाली कमान
2 घंटे के भीतर ही आईपीएस अनुराग कुमार ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर सतीश गोलछा से चार्ज ल‍िया.
Delhi Police
  • IPS अनुराग कुमार को कैडर वापसी के 24 घंटे में द‍िल्‍ली पुलिस कमिश्नर बनाया गया है.
  • अनुराग कुमार 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, जो दो दशकों तक IB में रहे.
  • पूर्व द‍िल्‍ली कमिश्नर IPS सतीश गोलछा का कार्यकाल अचानक समाप्त कर दिया गया.

दिल्ली पुलिस के इतिहास में शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 की सुबह एक ऐसी प्रशासनिक हलचल लेकर आई, जिसने पूरे पुलिस महकमे को चौंका दिया. बेहद गोपनीयता और अभूतपूर्व तेजी के साथ राजधानी द‍िल्‍ली की कानून-व्यवस्था की कमान 1994 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार के हाथों में सौंप दी गई.

दिल्ली पुलिस कमिश्नर पद पर यह फेरबदल इसलिए ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि दो दशकों तक दिल्ली पुलिस से बाहर रहने के बाद कैडर वापसी के मात्र 24 घंटे के भीतर अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त कर दिया गया है.

24 घंटे के भीतर कैसे बदला दिल्ली का 'कप्तान'?

16 जुलाई 2026 (बृहस्पतिवार) को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) से आईपीएस अनुराग कुमार की यूटी (UT) कैडर में आधिकारिक वापसी हुई. 17 जुलाई 2026 (शुक्रवार): गृह मंत्रालय ने उन्हें दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त करने का आदेश जारी किया. खास बात यह है क‍ि आदेश जारी होने के महज 2 घंटे के भीतर ही आईपीएस अनुराग कुमार ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पदभार भी संभाल लिया. दिल्ली पुलिस के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी नए आयुक्त ने इतनी त्वरित गति से कमान संभाली हो.   

ये भी पढ़ें:  खुफिया एजेंसी के पूर्व बॉस अब दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, जानें कौन हैं बुंदेलखंड के रहने वाले IPS अनुराग कुमार?

IPS anurag kumar Delhi police commissioner

आईपीएस अनुराग कुमार ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर सतीश गोलछा से चार्ज ल‍िया.                          Photo Credit: Instagram Delhi Police

उधर, यूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस और तत्कालीन कमिश्नर सतीश गोलछा का कार्यकाल अचानक समाप्त कर दिया गया. गोलछा का कार्यकाल मई 2027 तक था और उनके रिटायरमेंट में अभी 11 महीने का समय शेष था. आदेश के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से उपराज्यपाल (LG) कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं. 

कौन हैं IPS अनुराग कुमार?

दिल्ली पुलिस की कमान संभालने वाले अनुराग कुमार का प्रशासनिक अनुभव बेहद समृद्ध और साफ-सुथरा रहा है. यूटी (UT) कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. वे मूल रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. करीब 20 साल पहले वे दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला में डीसीपी (DCP) के पद पर तैनात थे. दिल्ली पुलिस के मुख्य ढांचे में यह उनकी अंतिम पोस्टिंग थी. दिल्‍ली डीसीपी रहने के बाद वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर इंटेलिजेंस ब्यूरो में चले गए थे. गुरुवार को दिल्ली पुलिस वापसी से ठीक पहले तक वे IB में स्पेशल डायरेक्टर जैसे अति-संवेदनशील पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे.  

ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर बने,सतीश गोलचा को हटाया गया

IPS anurag kumar Delhi police commissioner

IPS anurag kumar Delhi police commissioner                                                               Photo Credit: Instagram Delhi Police

आईपीएस अनुराग कुमार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उत्तर-पूर्व  क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दीं. उनका नॉर्थ ईस्ट का कार्यकाल 3 जून 2024 से 4 अप्रैल 2025 तक रहा.  अब 17 जुलाई 2026 से दिल्ली पुलिस प्रमुख के रूप में उनका कार्यकाल लगभग 5 साल का रहेगा, जो उन्हें राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक लंबा और स्थिर समय प्रदान करता है.

आईपीएस अनुराग कुमार की नियुक्ति के क्या हैं मायने?

प्रशासनिक जानकारों और वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि आईपीएस अनुराग कुमार की गिनती यूटी कैडर के बेहद ईमानदार, निष्कलंक और सख्त अधिकारियों में होती है. इंटेलिजेंस ब्यूरो में दो दशकों तक काम करने के कारण उनके पास देश की आंतरिक सुरक्षा, खुफिया तंत्र और रणनीतिक पुलिसिंग का गहरा अनुभव है. यही वजह है कि सरकार ने किसी भी स्थापित परंपरा या सुगबुगाहट से परे हटकर, इंटेलिजेंस बैकग्राउंड के इस बेदाग अधिकारी पर भरोसा जताया और सीधे दिल्ली पुलिस के 'बॉस' की कुर्सी सौंप दी. 

ये भी पढ़ें:  IPS सुजीत पांडे: SVPNPA को म‍िला नया बॉस, अब देश की सबसे बड़ी पुलिस अकादमी की कमान पटना के बेटे के हाथों में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police Commissioner, IPS Anurag Kumar, Satish Golcha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com