Delhi Police New Commissioner Anurag Kumar : दिल्ली पुलिस को नया मुखिया मिल गया है. केंद्र सरकार ने 1994 बैच के सीनियर आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को राजधानी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है. वह अब तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. अनुराग राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम मामलों का अनुभव रखते हैं. उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब दिल्ली पुलिस में बड़े प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं. लंबे अनुभव, बेदाग सर्विस रिकॉर्ड और सुरक्षा मामलों में एक्सपर्टीज रखने वाले अनुराग कुमार को अब देश की सबसे महत्वपूर्ण पुलिस फोर्स में से एक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
1994 बैच के अनुभवी आईपीएस अधिकारी
अनुराग कुमार 1994 बैच के एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. वह तीन दशक से ज्यादा समय से पुलिस सेवा में हैं और अपने लंबे करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. हाल के सालों में उन्हें दो बार प्रमोशन मिला है, जो उनके प्रशासनिक अनुभव और बेहतर काम करने के तरीके को दिखाता है. अनुराग के पास इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री है. वे अपनी रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं.
आईबी में निभाई अहम जिम्मेदारी
दिल्ली पुलिस की कमान संभालने से पहले अनुराग कुमार इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे. इस दौरान उन्होंने आंतरिक सुरक्षा, ऑपरेशन्स और उच्च स्तरीय सुरक्षा मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सुरक्षा एजेंसियों के साथ कॉर्डिनेशन और सेंसिटिव मामलों को संभालने का उनका अनुभव अब दिल्ली पुलिस के लिए भी अहम माना जा रहा है.
राष्ट्रपति पुलिस मेडल से हो चुके हैं सम्मानित
बेहतरीन सेवा के लिए अनुराग कुमार को साल 2010 में पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया था. इसके बाद साल 2016 में उन्हें प्रेसिडेंट्स पुलिस मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस भी मिला. ये सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन और पुलिस सेवा में शानदार योगदान का प्रमाण माने जाते हैं.
सतीश गोलचा की लेंगे जगह
अनुराग कुमार मौजूदा पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा की जगह लेंगे. गोलचा का कार्यकाल अप्रैल 2027 तक था, लेकिन सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें समय से पहले इस पद से हटाने का फैसला किया है. माना जा रहा है कि उन्हें जल्द ही नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.
दिल्ली पुलिस में बड़े बदलाव का हिस्सा
अनुराग कुमार की नियुक्ति दिल्ली पुलिस में चल रहे बड़े प्रशासनिक बदलाव का हिस्सा मानी जा रही है. इससे पहले मार्च में 70 सीनियर अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया गया था. इनमें 50 आईपीएस और 20 DANIPS अधिकारी शामिल थे. ऐसे में नए पुलिस कमिश्नर के रूप में अनुराग कुमार के सामने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और पुलिसिंग को और मजबूत बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
ये भी पढ़ें - गांव का पहला डॉक्टर बनेगा AIR 4! NEET में नवादा के आयुष भालोटिया ने गाड़े झंडे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं