Murder in Ghaziabad: ऐसा लग रहा है कि गाजियाबाद को किसी नजर लग गई है. दरअसल, यहां एक के बाद एक 15 दिन के भीतर तीन युवाओं के हत्या से हड़कंप मचा हुआ है. इस बार खबर लोनी थाना क्षेत्र से है. यहां 21 वर्षीय युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान तस्लीम के रूप में हुई है, जो आशियाना सिटी में अपने परिवार के साथ रहता था और एक सैलून में काम करता था. गौरतलब है कि इससे पहले 28 मई को गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में सूर्या चौहान नाम के युवक की मौत की हत्या कर दी गई थी. इस मामले पर अब तक राजनीति और सांप्रदायिक बयानबाजी चल रही है. इसी दौरान गाजियाबाद में ही पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या कर दी गई थी.
पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या
ताजा हत्या के मामले में परिजनों ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई है. मृतक के पिता असगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कुछ युवक तस्लीम को घर से बुलाकर ले गए. आरोप है कि आरोपी उसे मलिक सिटी स्थित एक मजार के पास ले गए, जहां पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में चाकू से कई वार किए गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो तस्लीम गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक युवक के शरीर पर चाकू से किए गए सात घाव मिले हैं. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने चार लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- 'जालंधर के डॉ. पीयूष का नर्स से था अफेयर, चोरी से लिया ढाई करोड़ लोन, लेडी डॉक्टर पत्नी ने कर लिया सुसाइड'
वहीं, इस वारदात के बाद एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. परिजनों का यह भी कहना है कि मृतक के भाई की भी पूर्व में हत्या हो चुकी है, जिससे पुरानी रंजिश की आशंका और गहरा गई है. पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर हत्याकांड का खुलासा: मकान खाली करने को कहा था तो मार डाला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं