Gurugram Illegal Immigrants Bangladeshi Arrest: हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने डीसीपी क्राइम हितेश यादव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया, जिसमें निर्माणाधीन साइट्स और झुग्गी क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की गई. जांच के दौरान इन आरोपियों के पास बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. पुलिस के अनुसार ये सभी लोग अवैध तरीके से भारत में दाखिल होकर मजदूर के रूप में रह रहे थे. इस कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अहम माना जा रहा है और सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिपोर्ट किया जाएगा.
क्राइम ब्रांच का विशेष अभियान
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा लगातार शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए अभियान चला रही है. इसी कड़ी में सेक्टर-39 की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर यह कार्रवाई की.

Gurugram Illegal Immigrants Bangladeshi Arrest: गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिक
निर्माणाधीन साइट्स और झुग्गियों में जांच
पुलिस ने सूचना के आधार पर शहर के निर्माणाधीन स्थलों और झुग्गी बस्तियों में सघन तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान वहां रहने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच और नागरिकता सत्यापन किया गया.
13 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान
जांच के दौरान 13 लोगों की पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में की गई. पुलिस के मुताबिक, इनके पास बांग्लादेश की नागरिकता से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं, जिससे उनकी पहचान की पुष्टि हुई.

Gurugram Illegal Immigrants Bangladeshi Arrest: पुलिस की गाड़ी में बांग्लादेशी नागरिक
मजदूर बनकर रह रहे थे आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि ये सभी आरोपी अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे और गुरुग्राम में मजदूर के रूप में काम कर रहे थे. इस तरह ये लंबे समय से बिना वैध दस्तावेजों के शहर में रह रहे थे.
डिपोर्ट की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी को उनके देश वापस भेजा जाएगा.
राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर सख्ती
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे. शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी.
पुलिस की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. साथ ही किरायेदारों, घरेलू सहायकों और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाने की भी अपील की गई है. पुलिस का कहना है कि झुग्गी क्षेत्रों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, उद्योग क्षेत्रों और होटल्स में दस्तावेज सत्यापन अभियान लगातार चलाया जाएगा.
यह भी पढ़ें : फरीदाबाद में IB सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, उद्योगपतियों को गैंगस्टरों से दिलवाई धमकी; रंगदारी सिंडिकेट पर एक्शन
यह भी पढ़ें : मुरादाबाद हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से गर्भवती पत्नी और बच्चे समेत 3 की मौत, पति गंभीर
यह भी पढ़ें : शौर्य चक्र विजेता ‘राम-लक्ष्मण' की जोड़ी; 155 एनकाउंटर, जहां पोस्टिंग वहीं नक्सलियों के बन जाते थे काल
यह भी पढ़ें : राम मंदिर दान विवाद: मंदिर ट्रस्ट भंग करने और CBI जांच की मांग, पुजारी महासंघ ने PM मोदी को लिखा पत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं