गुरुग्राम की आईटी कंपनी (Gurugram Software Engineer Died) में काम करने वाली 27 साल की युवती मसूरी-धनोल्टी रोड पर स्थित एक होमस्टे में संदिग्ध हालत में मृत पाई गई है. मृतक युवती की पहचान पी राधा गायत्री के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक- गायत्री रविवार देर रात अपने पति सौम्य श्रीचरण के साथ कियाना होमस्टे टिपरीधर पहुंची थी. बता दें कि युवती का पति भी पुणे में ही एक आईटी कंपनी में काम करता है.
बता दें कि सोमवार सुबह पुलिस को होम स्टे में एक महिला के बेहोश होने की सूचना मिली. एम्बुलेंस को तुरंत मौके पर भेजा गया इसके बाद जांच करने पर उन्हें मृत घोषित किया गया.
शुरुआती जांच में पता चला है कि ये दंपति 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश आए थे और अगली रात लगभग 11.30 बजे होमस्टे के ब्लिस नाम के कमरे में चेक इन किया था. पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात को शराब पी थी और 3:30 बजे के करीब सो गए थे. जब वह सुबह उठा तो उसने अपनी बाथरूम के पास बेसुध पाया और उसकी नाक से खून बह रहा था. पुलिस को पति ने ये भी बताया कि दोनों की शादी 8 नवंबर 2025 को हुई थी और दोनों ही विशाखापत्तनम के निवासी हैं.
वहीं पुलिस ने बयान दिया है कि मृतक का शव बिना कपड़ों के फर्श पर पड़ा मिला और चादर पर खून के धब्बे थे. कमरे से शराब की दो खाली बातलें और खाने-पीने की चीजें बरामद की गई हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरादून के अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने ये भी अनुरोध किया है कि पोस्टमार्टम डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा कैमरे की निगरानी में किया जाए. सीओ मनोज असवाल ने बताया कि गायत्री के माता-पिता को सूचना दे दी गई है और उनके मंगलवार शाम तक विशाखापत्तनम से आने की उम्मीद है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति साफ होगी.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई कराई गई. पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल देहरादून भेजते हुए डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के सास-ससुर मसूरी पहुंच गए, जबकि माता-पिता विशाखापट्टनम से देर रात तक पहुंचने की संभावना है. दोनों परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस प्राकृतिक मृत्यु, स्वास्थ्य संबंधी कारणों समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं