दिल्ली की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने संगठित अपराध (Organized Crime) के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की. दरअसल, दिल्ली पुलिस ने रविवार को कुख्यात अपराधी नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी उर्फ समीर के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत मामला दर्ज किया. नासिर ईरानी गैंग का सरगना है और उस पर दिल्ली, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों में 38 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस के मुताबिक, नासिर हाफिज खान का गिरोह मुख्य रूप से लूट, धोखाधड़ी और ठगी की वारदातों को अंजाम देता था. वह खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को अपना शिकार बनाता था. 23 अक्टूबर 2025 को डीबीजी रोड थाना क्षेत्र में 18.84 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी.
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस ने हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी निगरानी के बाद 3 जनवरी 2026 को आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से लूट की रकम से खरीदी गई कार, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं.
लगातार शामिल था अपराध में
जांच में सामने आया कि जमानत पर बाहर आते ही नासिर ने फिर से अपराध शुरू कर दिए थे. दिल्ली के अलावा, उसने नागपुर (महाराष्ट्र) और अजमेर (राजस्थान) में भी धोखाधड़ी कर भारी मात्रा में गहने लूटे थे. इन मामलों में नासिर की भूमिका और उसके गिरोह के 'निरंतर गैरकानूनी गतिविधियों' में शामिल होने के पुख्ता सबूत मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी लेकर उस पर MCOCA की धारा 3 लगा दी गई है.
38 मामलों की फेहरिस्त
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नासिर पर आईपीसी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत 38 मामले दर्ज किए गए. इनमें से 16 मामलों में दिल्ली की अदालतों की ओर से संज्ञान लिया जा चुका है. उसके खिलाफ शालिमार बाग, मंगोलपुरी, राजौरी गार्डन और मॉडल टाउन जैसे थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें- Morena Train Accident: आग लगने की अफवाह से ट्रेन से कूदे पैसेंजर, दूसरी गाड़ी की चपेट में आने से 4 की मौत
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस अब इस सिंडिकेट के बाकी सदस्यों और उसके नेटवर्क को खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध करने वाले गिरोहों के लिए एक कड़ा संदेश है. फिलहाल, नासिर हाफिज खान के खिलाफ अलग-अलग राज्यों की पुलिस में मामले दर्ज है. अब दिल्ली पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हैं, ताकि इस पूरे गैंग की कमर तोड़ी जा सके.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में आज शाम और रात में कैसा रहेगा मौसम? IMD ने दिया ताजा अपडेट; अलर्ट भी जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं