विज्ञापन

दिल्ली में पानी की किल्लत,  चिलचिलाती धुप में लोगों ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन 

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत गंभीर समस्या बन चुकी है. दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर इलाके में लोगों ने जल संकट से परेशान होकर जल बोर्ड के बाहर मटका फोड़ प्रदर्शन किया. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पानी की आपूर्ति सुधारी नहीं गई.

दिल्ली में पानी की किल्लत,  चिलचिलाती धुप में लोगों ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन 

दिल्ली की चिलचिलाती गर्मी के बीच पानी की किल्लत अब लोगों के गुस्से में बदलने लगी है. राजधानी में जहां पारा 43-44 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं छतरपुर इलाके के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. बार-बार शिकायत के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला, तो लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया और जल बोर्ड के बाहर मटका फोड़कर अपना आक्रोश जाहिर किया.

पानी की समस्या बनी बड़ी परेशानी

दक्षिण दिल्ली के छतरपुर इलाके में इन दिनों पानी की भारी किल्लत है. लोगों का कहना है कि नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. बढ़ती गर्मी ने परेशानी को और बढ़ा दिया है. कई जगह लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, तब भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता.

चिलचिलाती धूप में फूटा लोगों का गुस्सा

रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर दिखा. तेज धूप और गर्मी के बावजूद महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई. लोगों ने साफ कहा कि अब हालात बर्दाश्त से बाहर हो चुके हैं और अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा.

इस प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के नेता नरेश त्यागी और निगम पार्षद पिंकी त्यागी ने किया. उनके साथ स्थानीय लोग 100 फुटा रोड से जल बोर्ड कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे. रास्ते भर उन्होंने पानी की समस्या को लेकर नारेबाजी की और सरकार से जवाब मांगा.

जल बोर्ड के बाहर मटका फोड़ प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली जल बोर्ड के ऑफिस पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से मटका फोड़ा. यह प्रदर्शन इस बात का संकेत था कि लोगों के घरों में पानी के बर्तन खाली पड़े हैं. लोगों ने मांग की कि इलाके में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए.

समाधान नहीं हुआ तो बढ़ेगा आंदोलन

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का हल नहीं निकाला गया, तो यह विरोध और बड़ा रूप ले सकता है. उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Water Crisis News, Delhi News, Water Crisis Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com