दिल्ली पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से पैरालिसिस से पीड़ित एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की जान बचाई जा सकी. दरअसल, यह मामला शाहदरा जिला के गीता कॉलोनी के क्षेत्र का है. पीसीआर कॉल मिलते ही दिल्ली पुलिस ने बिना एक पल गंवाए कार्रवाई की. दिल्ली पुलिस का दावा है कि विभाग का हर जवान नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है.
शाहदरा जिला के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे गीता कॉलोनी के क्षेत्र में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी. पीसीआर कॉल के दौरान बताया गया कि एक बुजुर्ग घर के भीतर बंद है और अंदर से मदद के लिए आवाज आ रही है.
यह कॉल बुजुर्ग के पड़ोसी ने की थी. कॉल मिलते ही बीट ऑफिसर हेड कॉस्टेबल (एचसी) जितेंद्र तोमर बिना समय गंवाए मात्र 90 सेकेंड में मौके पर पहुंच गए. उन्होंने खिड़की से भीतर झांककर देखा तो पाया कि पैरालिसिस से पीड़ित एक 75 वर्षीय बुजुर्ग फर्श पर पड़े थे. बुजुर्ग का सिर सोफे से फंसा था और वह दर्द से कराह रहे थे.
डीसीपी ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेड कॉस्टेबल जितेंद्र तोमर तत्परता, साहस और सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने लोहे की ग्रिल को काटकर घर के भीतर प्रवेश किया और बुजुर्ग चमन लाल को सुरक्षित निकाला. साथ ही, इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई. इस तरह पुलिस स्टॉफ की मदद से एक सीनियर सिटीजन को तत्परता दिखाते हुए बचाया गया. दिल्ली पुलिस का हर जवान नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है.
वहीं, एक अन्य मामले में दिल्ली पुलिस ने थाना अलीपुर और एएटीएस की टीम ने इलेक्ट्रिक वाहनों की लिथियम बैटरियां चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपी ई-वाहनों से बैटरियां चोरी कर उनके सेल और अन्य पुर्जे अलग करते थे. इसके बाद उन्हें रिफर्बिश कर बाजार में बेच देते थे. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा किया है.
यह भी पढ़ें | प्रॉपर्टी विवाद में महिला की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार; हरियाणवी कलाकार निकली आरोपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं