Encounter in Delhi: दिल्ली पुलिस ने शनिवार देर रात एनकाउंटर के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. दोनों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये बदमाश पिछले महीने करोल बाग में रोहित मोटा पर हुई फायरिंग की घटना के सिलसिले में वांछित थे. दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ को खुफिया जानकारी मिली थी कि ये दोनों संदिग्ध कथित तौर पर किसी से मिलने या कोई और अपराध करने के लिए जाकिर हुसैन कॉलेज के आसपास के इलाके में आ सकते हैं.
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया. पुलिस ने सड़कों और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी थी. देर रात जब वे दोनों वहां पहुंचे तो टीम ने उन्हें रुकने और सरेंडर करने को कहा, लेकिन वह नहीं माने. उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और वहां से भागने का रास्ता खोजने लगे.
आरोपियों की हुई पहचान
जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जो उनके पैरों में लगी. इससे वह घायल हो गए. दोनों आरोपियों की पहचान शिवम और साहिल के रूप में हुई है, जो हाल ही में करोल बाग में दिनदहाड़े फायरिंग करके फरार हो गए थे. इसके बाद स्पेशल स्टाफ टीमों ने पूरे शहर में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया था. इनके अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था.
लगभग 10 राउंड फायर हुए
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान लगभग 10 राउंड गोलियां चलाई गईं. जांचकर्ताओं ने एनकाउंटर के बाद मौके से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि पुलिस टीम के साथ गोलीबारी के दौरान आरोपियों ने इनका इस्तेमाल किया था.
ये भी पढ़ें- IPL टिकटों की कालाबाजारी: सटोरियों को प्रीमियम सुविधा, जेबकतरों को भी देते टिकट: दिल्ली में गैंग का भंडाफोड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं