विज्ञापन

दिल्ली का ग्रीन मिशन: एक लाख पौधों की निगरानी करेंगे अधिकारी, जवाबदेही भी होगी तय

दिल्ली में एक लाख से ज्यादा पौधे लगाने के बाद हर पौधारोपण स्थल पर नोडल अधिकारी तैनात होंगे. पौधों की देखभाल से लेकर उनके जीवित रहने तक की जवाबदेही भी तय की गई है.

दिल्ली का ग्रीन मिशन: एक लाख पौधों की निगरानी करेंगे अधिकारी, जवाबदेही भी होगी तय
दिल्ली में एक लाख से ज्यादा पौधे लगाए गए हैं.

राजधानी दिल्ली में हरियाली बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा 77 स्थानों पर एक लाख से अधिक पौधे और झाड़ियां लगाने के बाद अब उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी जा रही है. उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक पौधारोपण स्थल के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो वहां लगाए गए पौधों के विकास और उनके जीवित रहने की निगरानी करेगा.

हर स्थल पर रहेगा एक जिम्मेदार अधिकारी

DDA के अनुसार, सभी 77 स्थानों पर अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी. इन अधिकारियों का काम केवल निगरानी करना नहीं होगा, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी होगा कि लगाए गए पौधे समय के साथ विकसित होकर पेड़ बनें. यदि पौधों की देखभाल में लापरवाही होती है तो उसकी जवाबदेही भी संबंधित अधिकारी की होगी.

उपराज्यपाल ने दिया नियमित निगरानी का मंत्र

उपराज्यपाल ने स्पष्ट कहा कि पौधारोपण अभियान केवल एक दिन का आयोजन बनकर नहीं रहना चाहिए. पौधे लगाने के बाद उनकी सिंचाई, सुरक्षा और नियमित देखभाल के लिए मजबूत व्यवस्था जरूरी है. उन्होंने DDA को दिल्ली के अन्य रिज क्षेत्रों में भी इसी मॉडल को लागू करने के निर्देश दिए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

युवाओं को भी जोड़ा जाएगा अभियान से

कमला नेहरू रिज में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में करीब 200 लोगों ने भाग लिया. इनमें स्कूल और कॉलेज के छात्र, मॉर्निंग वॉकर और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य शामिल रहे. उपराज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की जरूरत है.

इन स्थानों पर लगाए गए पौधे

अभियान के तहत कमला नेहरू रिज में ढोक, अमलतास, ढाक और गम्हार जैसी स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए. इसके अलावा संजय वन, अरावली जैव विविधता पार्क, आस्था कुंज, दिलशाद गार्डन डियर पार्क, हौज खास, पश्चिम पुरी, वसंत उद्यान और नरेला के कई पार्कों व ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में भी पौधारोपण किया गया.

70 लाख पौधारोपण मिशन का अहम हिस्सा

यह अभियान दिल्ली के ‘मिशन 70 लाख पौधारोपण' का हिस्सा है. DDA को 23 लाख पेड़ और झाड़ियां लगाने का लक्ष्य मिला है. जुलाई की शुरुआत से अब तक एजेंसी 675 पार्कों, चार रिज जोन, छह जैव विविधता पार्कों और कई ग्रीन कॉरिडोर में 6.62 लाख से अधिक पौधे लगा चुकी है. वहीं मौजूदा सीजन में रिज क्षेत्रों में 1.81 लाख से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है. दिल्ली को अधिक हरा-भरा बनाने की इस मुहिम में अब पौधों को बचाने और उन्हें पेड़ बनाने पर सबसे ज्यादा जोर दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें- गुमराह बच्चों को राह दिखाना हमारा काम... PM मोदी का एक और वीडियो संदेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, Dda News, Green Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com