- सोशल मीडिया पर 1980 के दशक की फैशन और फोटोग्राफी स्टाइल वाली तस्वीरों का ट्रेंड काफी लोकप्रिय हुआ है
- तरुणा वर्मा ने इंस्टाग्राम पर पति विकास दिव्यकीर्ति की हाल की फोटो शेयर कर पुराने जमाने की यादें ताजा कीं
- उन्होंने बताया कि मोबाइल और सोशल मीडिया के बिना बचपन में खेलने और दोस्ती के अनुभव अलग और सच्चे थे
सोशल मीडिया पर 1980 के दशक की एआई फोटो ट्रेंड की तस्वीरें छाई हुई हैं. लोग इस ट्रेंड के जरिए अपनी तस्वीरों को 46 साल पुरानी फैशन और फोटोग्राफी स्टाइल वाली इमेज में बदल रहे हैं. इसी बीच जाने-माने शिक्षक विकास दिव्यकीर्ति की पत्नी तरुणा वर्मा ने एक तस्वीर के जरिए अपने बचपन की यादें ताजा की हैं.
तरुणा वर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पति विकास दिव्यकीर्ति की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि ''यह फोटो कोई 80s वाली फोटो नहीं है. अभी की है, ताजी-ताजी. 80s का जमाना... हाथ में मोबाइल नहीं, इंस्टाग्राम नहीं, फेसबुक नहीं और फलाना-ढिमकाना.''
उन्होंने आगे लिखा, ''इन सब चीजों के बिना कैसे जिंदगी जीते थे हम, सोच कर कांप उठती हूं. मोबाइल पकड़े-पकड़े उंगलियों में दर्द ही नहीं होता था, क्योंकि मोबाइल था ही नहीं. कैसे जेठ की दुपहरी में सबके मना करने के बावजूद भी हम छिप-छिपाकर सखियों संग खेलने भाग जाया करते थे!''

तरुणा वर्मा और विकास दिव्यकीर्ति ने साल 1998 में शादी की थी. इनके बेटे का नाम सात्विक है.
कबड्डी या रुमाल चोर में जीतने की होड़ मचती थी
तरुणा वर्मा ने आगे लिखा, ''कमबख्त धूप ही नहीं लगती थी... कैसे बगैर सनस्क्रीन के जीवन बिता रहे थे, धूप से स्याह पड़े चेहरे का तो ध्यान ही नहीं रहता था. हे भगवान, सोचती हूं तो घबराहट होती है. दाग-धब्बों के साथ जीते थे, लेकिन दाग अच्छे थे, क्योंकि तब हम सही मायनों में जी पाते थे. पहले सखियां हुआ करती थीं, जिनमें कबड्डी या रुमाल चोर में जीतने की होड़ मचती थी. अब दोस्त या फ्रेंड्स होती हैं... उनमें भी लाइक्स का कॉम्पिटिशन... 'तुम्हारी साड़ी मेरी साड़ी से सफेद कैसे?' दो सेकंड के लिए बिजली चली जाए तो अपनी बत्ती गुल होने लगती है... इसलिए नहीं कि गर्मी लग रही है, बस फोन पर कुछ नहीं कर पा रहे... आपस में एक-दूसरे को ताक रहे हैं और ताकना कितना कठिन होता है भाई, पूछो मत! अंत में, 80s में आठ-दस साल की ही थी, पच्चीस का लगने की कोई इच्छा नहीं.''
दृष्टि आईएएस की डायरेक्टर हैं तरुणा वर्मा
तरुणा वर्मा और विकास दिव्यकीर्ति ने साल 1998 में शादी की थी. इनका एक बेटा है, जिसका नाम सात्विक है. दिल्ली के जाकिर हुसैन कॉलेज से ग्रेजुएशन करने वालीं तरुणा वर्मा वर्तमान में कोचिंग संस्थान दृष्टि आईएएस की डायरेक्टर हैं. इसके अलावा वह 'दृष्टि वेलफेयर फाउंडेशन' की सीईओ और एमडी भी हैं. तरुणा वर्मा खुद भी दृष्टि आईएएस में कई वर्षों तक अध्यापन कार्य कर चुकी हैं.
यह भी पढ़ें- CISF जवानों के बच्चों को IAS-IPS बनाएगी दृष्टि आईएएस, विकास दिव्यकीर्ति के साथ हुआ MoU
यह भी पढ़ें - IPS अंशिका वर्मा, पति केके बिश्नोई 80 के दशक में ऐसे दिखते! डांस के बाद अब रेट्रो थीम लुक वायरल
यह भी पढ़ें - 1980 AI फोटो ट्रेंड के बीच IAS ने शेयर की 45 साल पुरानी असली तस्वीर, कौन हैं आरुषि मलिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं