विज्ञापन

दिल्ली प्रीत विहार गैंगरेप केस: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी बोलीं, केवल कानूनी नहीं, सामाजिक दंड भी जरूरी

द‍िल्‍ली के प्रीत विहार गैंगरेप मामले पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि दोषियों को सिर्फ कानूनी नहीं, सामाजिक स्तर पर भी दंड मिलना चाहिए. उन्होंने नशे के दुष्प्रभाव, बेटों की परवरिश और महिलाओं के सम्मान की शिक्षा पर भी जोर दिया.

annapurna devi on delhi preet vihar gangrape case
  • पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना
  • मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपराधियों को कानून और समाज दोनों स्तरों पर दंडित करने की बात कही
  • मंत्री ने कहा कि नशे के बढ़ते प्रभावों को रोकने के लिए व्यापक नशामुक्ति अभियान और समाज की भागीदारी जरूरी है

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में सामूहिक दुष्कर्म की भयावह घटना पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने NDTV से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि गैंगरेप जैसे जघन्य अपराधों के दोषियों को कानून के साथ-साथ समाज के स्तर पर भी दंडित किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, "मैं सबसे कहना चाहती हूं कि सरकार ने कानून में सख्त प्रावधान किए हैं, लेकिन उसके बावजूद भी अगर इस तरह की घटनाएं होती हैं तो हमें ऐसे लोगों को सामाजिक स्तर पर भी दंड देना चाहिए. कानून के द्वारा दंड तो मिलेगा, लेकिन समाज के द्वारा भी दंड दिया जाना चाहिए." 

अन्नपूर्णा देवी का मानना है कि इस तरह के वीभत्स अपराधों से सख्ती से निपटने के लिए अपराधियों को समाज में चिन्हित कर उनके प्रति सामाजिक जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी हो गया है. दरअसल, राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में स्थित एक कैफे में जिन परिस्थितियों में 22 वर्षीय युवती के साथ कथित गैंगरेप हुआ, उसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अब तक दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती के साथ उसी के सहकर्मियों ने कैफे के बाहर सामूहिक दुष्कर्म किया. यह पूरी घटना सोमवार देर रात हुई, जब युवती अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए वहां पहुंची थी. जानकारी के मुताबिक, रात 11:30 बजे कैफे बंद हो गया था, लेकिन आरोपियों में से एक के पास कैफे की चाबी थी. इसी वजह से वहां पार्टी देर रात तक जारी रही.  

'सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं'

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह बहुत ही दुखद घटना है. जब भी ऐसी घटना होती है, अंतरात्मा कचोटती है कि आज भी सभ्य समाज में ऐसी घटनाएं हो रही हैं. समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है. कुछ लोग ऐसे हैं जिनकी मानसिकता विकृत है और वे लगातार इस तरह की घृणित घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं." उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को केवल कानून-व्यवस्था का विषय मानकर नहीं छोड़ा जा सकता, बल्कि समाज को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी.

नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव पर जताई चिंता

अन्नपूर्णा देवी के मुताबिक, नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव भी इस तरह की घटनाओं की एक बड़ी वजह हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि यदि नशे के कारण इस प्रकार के अपराध बढ़ रहे हैं, तो समाज में व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति अभियान चलाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि इस मुहिम में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की भागीदारी जरूरी है, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके.

'बेटों से भी पूछने होंगे सवाल'

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने समाज में बेटों और बेटियों के प्रति अलग-अलग रवैये पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा, "जब बेटियां स्कूल, कॉलेज या कोचिंग से थोड़ी देर से घर पहुंचती हैं तो उनसे कई तरह के सवाल पूछे जाते हैं कि इतनी देर क्यों हुई, कहां थीं. लेकिन जब बेटे देर से घर आते हैं तो उनसे अक्सर ऐसे सवाल नहीं पूछे जाते." उनके मुताबिक, परिवार और समाज को बेटों की परवरिश पर भी उतना ही ध्यान देना होगा जितना बेटियों की सुरक्षा को लेकर दिया जाता है.

'सम्मान की सीख से ही बदलेगा समाज'

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही संस्कार और सम्मान का पाठ पढ़ाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि बेटों को यह सिखाना बेहद अहम है कि वे महिलाओं और बेटियों का सम्मान करें. उनके अनुसार, समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण विकसित किए बिना इस तरह के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना मुश्किल होगा. उन्होंने कहा कि जब लड़कों को बराबरी, सम्मान और जिम्मेदारी की शिक्षा मिलेगी, तभी बेटियां निर्भय होकर शिक्षा, नौकरी और अन्य गतिविधियों में भाग ले सकेंगी. 

यह भी पढ़ें | दिल्ली के कैफे में गैंगरेप: कड़कड़डूमा के मॉल में पार्टी करने गई थी पीड़िता, दो महिला समेत 3 गिरफ्तार 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Annapurna Devi, Delhi, Gangrape, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com