विज्ञापन

15 लाख तक का डिस्काउंट, फिर नहीं नहीं बिकी एक भी कार, सबसे कम सेल होने वाली गाड़ियां

Lowest Selling Cars India: जानिए पिछले महीने अक्टूबर में भारतीय बाजार में किन गाड़ियों की सबसे कम बिक्री दर्ज की गई है. Honda ZR-V, Hyundai Ioniq 5, Kia EV6, Kia EV9 और Jeep Grand Cherokee के फ्लॉप होने की असली वजह.

15 लाख तक का डिस्काउंट, फिर नहीं नहीं बिकी एक भी कार, सबसे कम सेल होने वाली गाड़ियां
Kia EV9
Kia

जब भी हम कार बाजार की बात करते हैं, तो हर कोई सबसे ज्यादा बिकने वाली सुपरहिट गाड़ियों Tata Nexon, Maruti Suzuki Baleno, Dzire या Mahindra Scorpio की ही चर्चा करता है. लेकिन हम उन गाड़ियों के बारे में शायद ही कभी बात करते हैं जिनकी बिक्री सबसे कम होती है. क्या ये कम बिकने वाली गाड़ियां वाकई खराब डील होती हैं, या फिर बेहतरीन वैल्यू-फॉर-मनी ऑफर करने के बावजूद लोग इन्हें पूरी तरह इग्नोर कर रहे हैं? हम यहां पर पिछले महीने यानी अक्टूबर 2026 में सबसे कम बिकने वाली देश की ऐसी ही 5 कारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके आंकड़े आपको हैरान कर देंगे. 

Honda ZR-V

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम Honda ZR-V का है, जिसकी पिछले महीने केवल 3 यूनिट्स ही बिकी हैं. वैसे तो ये एक बहुत ही सॉलिड और प्रैक्टिकल कार है, लेकिन इसे भारत में CBU के रूप में बेचा जाता है, जिसके कारण इसपर भारी टैक्स लगता है और इसकी कीमत अपनी वैल्यू से कहीं ज्यादा हो जाती है. हालांकि, ये कार कई सारे फीचर्स, एक बेहद पावरफुल व माइलेज देने वाले हाइब्रिड इंजन और एक दमदार केबिन के साथ आती है, लेकिन मुंबई में इसकी 57.26 लाख रुपये की ऑन-रोड कीमत किसी भी तरह से जायज नहीं लगती.

इसके मुकाबले बाजार में मौजूद Tata Harrier और Mahindra XUV 7XO जैसी गाड़ियां इससे आधे से भी कम दाम में लगभग समान या इससे भी बेहतर फीचर्स दे देती हैं. इसके अलावा, इसी बजट में आप सबसे टॉप-मॉडल Toyota Fortuner, Kia Sorento या VW Tayron जैसी बड़ी और दबंग गाड़ियां घर ला सकते हैं.

Hyundai Ioniq 5

हुंडई की इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार की पिछले पूरे महीने में देश भर में केवल 1 यूनिट ही बिकी है. हालांकि ये आंकड़ा बहुत ज्यादा हैरान नहीं करता, क्योंकि मुंबई में इसकी ऑन-रोड कीमत लगभग 58.95 लाख रुपये पर पहुंच चुकी है. हाल ही में हुंडई ने इस कार का एक नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया था, लेकिन ये बदलाव गाड़ी के पक्ष में जाने के बजाय उल्टा भारी पड़ गया.

इस नए अपडेट के साथ ही हुंडई ने इसकी कीमतों में सीधे 9 लाख रुपये तक की भारी-भरकम बढ़ोतरी कर दी, जिसने इसके बचे-खुचे ग्राहकों को भी पूरी तरह दूर कर दिया. Hyundai Ioniq 5 इस समय भारत में बिकने वाला हुंडई का सबसे महंगा और प्रीमियम मॉडल है. लेकिन इसकी ये नई कीमत बहुत ज्यादा टाइट लगती है. अगर इसकी बिक्री आगे भी इसी तरह ठप रही, तो बहुत जल्द कंपनी इसपर बंपर डिस्काउंट की घोषणा कर सकती है, और तभी इस कार को खरीदना समझदारी का सौदा साबित होगा.

Kia EV6

ये कार भारतीय बाजार में पिछले काफी समय से मौजूद है और इसी गाड़ी के जरिए Kia ने भारत के इलेक्ट्रिक व्हीकल बाजार में अपना पहला कदम रखा था. शुरुआत में इस कार को ग्राहकों का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन धीरे-धीरे इसकी सेल्स पूरी तरह सूख चुकी है और पिछले महीने इसका खाता तक नहीं खुला यानी इसकी एक भी यूनिट नहीं बिकी है.
शानदार फीचर्स, बेहद शावदार केबिन और सिंगल चार्ज पर 650 किलोमीटर से ज्यादा की बंपर रेंज देने वाली इस कार में वैसे कोई कमी नहीं है. अपना स्टॉक खाली करने के लिए Kia ने पिछले साल इस कार पर 15 लाख रुपये तक के बंपर डिस्काउंट की भी घोषणा की थी. बिना किसी डिस्काउंट के मुंबई में इस कार की ऑन-रोड कीमत 69.71 लाख रुपये बैठती है, जो इस बजट में मौजूद अन्य लग्जरी ब्रांड्स के मुकाबले बहुत महंगी हो जाती है.

Kia EV9

बहुत से लोग तो शायद ये भूल भी चुके होंगे कि भारतीय बाजार में Kia की Kia EV9 नाम की भी कोई गाड़ी मौजूद है. पिछले महीने इसकी भी 0 यूनिट्स ही बिकी हैं. मुंबई में इस सुपर-लग्जरी कार की ऑन-रोड कीमत पूरे 1.37 करोड़ रुपये है, जो इसे भारत की सड़कों पर दिखने वाली सबसे दुर्लभ गाड़ियों में से एक बना देती है.

इस भारी-भरकम बजट के साथ ये कार सीधे तौर पर Mercedes और BMW जैसी दुनिया की लग्जरी कंपनियों की बड़ी गाड़ियों को टक्कर देती है. ये लोकप्रिय Audi Q7 से भी काफी ज्यादा महंगी है. ऐसे में गाड़ी के अंदर चाहे जितने भी बेहतरीन और अनोखे फीचर्स क्यों न दिए गए हों, इस बजट में कोई भी अमीर ग्राहक Kia जैसी मास-मार्केट कंपनी के बजाय मर्सिडीज या बीएमडब्ल्यू की ब्रांड वैल्यू पर पैसे खर्च करना ज्यादा पसंद करता है.

Jeep Grand Cherokee

Jeep Grand Cherokee अमेरिका की एक बेहद शानदार और लीजेंड्री गाड़ी है, लेकिन ये भारतीय कार खरीदारों के दिलों में कभी अपनी जगह नहीं बना सकी. पिछले महीने इस कार की भी 0 यूनिट्स बिकी हैं. सड़क पर इसकी रोड प्रेजेंस बेहद दमदार है, केबिन काफी मॉडर्न है और इसमें फीचर्स की भी कोई कमी नहीं है. नए टैक्स नियमों के बाद मुंबई में इसकी 75.99 लाख रुपये की ऑन-रोड कीमत भी बहुत ज्यादा अजीब नहीं लगती.

इस कार के फ्लॉप होने की सबसे बड़ी वजह इसका 2.0-लीटर का पेट्रोल इंजन है, जो इतनी बड़ी और भारी गाड़ी के हिसाब से काफी कमजोर और नॉन-प्रैक्टिकल लगता है. इस बजट में ग्राहक एक दमदार और बड़े इंजन की उम्मीद करते हैं. इसके अलावा, जीप का भारत में सिमटता हुआ डीलरशिप और कमजोर आफ्टर-सेल्स सर्विस का नेटवर्क भी ग्राहकों को ये महंगी कार Jeep Grand Cherokee खरीदने से पूरी तरह डरा देता है.

यह भी पढ़ें | Uber का Connected Journeys फीचर लॉन्च, मेट्रो के साथ एक ही बार में बुक होगी पूरी जर्नी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Car, SUV, Kia, Hyundai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com