महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी का दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में गैंग रेप मामले में बयान सामने आया है. उन्होंने NDTV से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि सरकार ने कानून में सख्त प्रावधान किए हैं लेकिन उसके बावजूद भी अगर इस तरह की घटनाएं होती हैं तो हमें ऐसे लोगों को सामाजिक स्तर पर भी दंड देना चाहिए. कानून के द्वारा दंड तो मिलेगा, लेकिन समाज के द्वारा भी दंड दिया जाना चाहिए.
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इस तरह की वीभत्स अपराधों से सख्ती से निपटने के लिए समाज के स्तर पर चिन्हित करके ऐसे अपराधियों को दंड देना बेहद जरूरी हो गया है.
दरअसल राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में स्थित एक कैफे में जिन परिस्थितियों में एक 22 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप हुआ उसको लेकर कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अब तक दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, 22 साल की युवती के साथ उसी के Co-Workers ने कैफे के बाहर उसके साथ गैंग रेप किया. ये पूरी घटना सोमवार को देर रात हुई, जब युवती अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए पहुंची थी.
जानकारी के मुताबिक, 11:30 कैफे बंद हो गया था, लेकिन आरोपियों में से एक के पास इस कैफे की चाबी थी, जिसके कारण कैफे में पार्टी देर रात तक चली.
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा, "ये बहुत ही दुखद घटना है. जब भी ऐसी घटना होती है अंतरात्मा दुखती है कि आज भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं. समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है. कुछ लोग ऐसे हैं जो विकृत मानसिकता के हैं जो लगातार इस तरह की विकृत घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं."
अन्नपूर्णा देवी के मुताबिक, नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव की वजह से भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. अगर नशा की वजह से इस तरह के अपराध बढ़ रहे हैं, तो समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए नशा मुक्ति अभियान चलाना होगा, और इस मुहिम में पूरे समाज को शामिल करना जरूरी होगा।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा, जब बेटियां थोड़ी लेट हो जाती हैं स्कूल में, कोचिंग में तो उनसे हम कई तरह के सवाल पूछते हैं कि इतनी देर कहां हुई, क्यों हुई? लेकिन जब बेटे देर से आते हैं तो उनसे ये सब सवाल नहीं पूछते हैं.
उनके मुताबिक, समाज में बेटे और बेटियों को अच्छा परवरिश देना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है. उनके मुताबिक, बेटों को ये सीखना अहम है कि वो बेटियों का सम्मान करें, तभी हम शायद इस तरह की घटनाओं को रोक सकेंगे और बेटियां स्वतंत्र होकर काम कर सकेंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं