- ALLEN कैंपस में बवाल, घायल छात्र अस्पताल में भर्ती
- क्लासरूम में हिंसक झड़प, गंभीर घायल हुआ छात्र
- छात्रा को लेकर विवाद
राजस्थान के कोटा स्थित प्रसिद्ध एलन कोचिंग संस्थान में छात्रों के बीच हुई एक हिंसक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. एलन करियर इंस्टीट्यूट के सबल कैंपस में 11वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अपने बैग से पिस्तौल निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया. सोशल मीडिया पर घटना को फायरिंग बताया गया, लेकिन पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि गोली चलाई गई थी या नहीं. हमले में घायल छात्र को गंभीर चोटें आई हैं और मामले की जांच जारी है.
छात्रा को लेकर विवाद के बाद बढ़ा तनाव
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों छात्र एक ही कक्षा में पढ़ते हैं. वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक छात्रा को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया. घटना के दौरान दोनों छात्रों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. क्लासरूम में मौजूद अन्य छात्र घटना से घबरा गए और वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट
Photo Credit: सिराज नूरानी की पोस्ट
सोशल मीडिया पर उठने लगे सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई पोस्ट वायरल होने लगीं, जिनमें दावा किया गया कि एक छात्र ने स्कूल बैग से पिस्तौल निकालकर अपने सहपाठी को गोली मार दी. कुछ पोस्ट में कोटा के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए और प्रशासन तथा कोचिंग प्रबंधन से मामले में जवाब मांगा गया. वायरल वीडियो और पोस्ट के बाद घटना ने व्यापक चर्चा का रूप ले लिया.

लोगों ने उठाए सवाल
Photo Credit: यश पुरोहित की पोस्ट
सचिन फगाना नाम के एक यूजर ने लिखा है कि 'कोटा की Allen कोचिंग में खून खराबा. एक लड़के के हाथ मे बंदूक दिखाई दे रही है और एक लड़के के खून बह रहा है. राजस्थान की सबसे असुरक्षित कोचिंग है फिर भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती.'

लोगों की प्रतिक्रियाएं
Photo Credit: सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट
पुलिस का क्या है पक्ष?
स्थानीय पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर फायरिंग की खबरों का खंडन किया है. पुलिस के अनुसार घटना में किसी प्रकार की गोली नहीं चली. जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र के पास एक धातु से बनी खिलौना पिस्तौल अथवा एयर गन जैसी वस्तु थी, जो देखने में असली हथियार जैसी लग रही थी. बताया गया कि छात्र ने उसी वस्तु के बट से दूसरे छात्र के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े कोचिंग संस्थान के भीतर हुई इस घटना ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. कोटा देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों छात्रों का प्रमुख केंद्र माना जाता है. ऐसे में क्लासरूम के भीतर हुई हिंसा ने अभिभावकों और छात्रों के बीच सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि विवाद के वास्तविक कारणों, इस्तेमाल की गई वस्तु और छात्रों के बीच पहले से चले आ रहे मतभेदों की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : एलन इंस्टीट्यूट समेत 6 कोचिंग सेंटर सील; भोपाल में फायर सेफ्टी पर बड़ा एक्शन, BMC सख्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं